बिलासपुर में शुरू हुई छत्तीसगढ़ की पहली ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग, 80 वाहनों को मिलेगी जगह

  • Admin
  • Nov 16, 2026
  • 3,495 views

12.60 करोड़ रुपए की लागत से पुराना बस स्टैंड परिसर में विकसित हुई आधुनिक पार्किंग सुविधा

शटल तकनीक से बिना चालक के निर्धारित स्लॉट में पार्क होगी कार, यातायात और पार्किंग की समस्या से मिलेगी राहत

बिलासपुर, 16 नवंबर 2026। 

बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में पार्किंग और यातायात की समस्या दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुराना बस स्टैंड परिसर में छत्तीसगढ़ की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण किया। बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा लगभग 12 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से विकसित इस आधुनिक पार्किंग में एक साथ 80 कारें खड़ी की जा सकेंगी।

इस सुविधा के शुरू होने से शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में आने वाले नागरिकों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक पार्किंग उपलब्ध होगी। साथ ही सड़क किनारे होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग से यातायात पर पड़ने वाला दबाव कम होगा और आवागमन सुगम बनेगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के शहरों को आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। तेजी से बढ़ते शहरीकरण के साथ यातायात प्रबंधन और पार्किंग की चुनौतियों का समाधान आधुनिक तकनीक के माध्यम से किया जा रहा है। सीमित स्थान में अधिकतम पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने वाली यह परियोजना शहरी अधोसंरचना के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे नागरिकों का समय बचेगा और शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

उल्लेखनीय है कि भूतल सहित पांच मंजिला इस आधुनिक पार्किंग भवन में प्रथम से चौथे तल तक प्रत्येक मंजिल पर 20 कारों की पार्किंग की व्यवस्था है। भूतल पर वाहनों के प्रवेश, निकास और स्वचालित संचालन के लिए विशेष व्यवस्था विकसित की गई है। सीमित शहरी भूमि का बेहतर उपयोग करते हुए तैयार की गई यह परियोजना बिलासपुर को आधुनिक और स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

शटल तकनीक से स्वतः पार्क होगी कार

इस पार्किंग की सबसे बड़ी विशेषता इसकी अत्याधुनिक शटल तकनीक है। वाहन चालक को केवल भूतल पर निर्धारित प्रवेश बे में अपनी कार खड़ी कर बाहर आना होगा। इसके बाद स्वचालित नियंत्रण प्रणाली के माध्यम से एलिवेटर कार को निर्धारित मंजिल तक पहुंचाएगा और शटल रोबोटिक उपकरण उसे उपलब्ध पार्किंग स्लॉट में सुरक्षित खड़ा कर देगा।

इसी प्रकार वाहन वापस लेने का अनुरोध करने पर स्वचालित प्रणाली कार को भूतल स्थित निकास बे तक पहुंचा देगी। इस व्यवस्था से वाहन चालकों को ऊपरी मंजिलों पर पार्किंग स्थान तलाशने या स्वयं वाहन लेकर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

परियोजना के तहत दो वाहन एलिवेटर, दो प्रवेश और दो निकास बे बनाए गए हैं। सुरक्षा के लिए अग्नि पहचान एवं अग्निशमन प्रणाली, विद्युत बैकअप तथा स्वचालित नियंत्रण और निगरानी की व्यवस्था भी की गई है। परियोजना के डिजाइन के अनुसार पार्किंग प्रणाली की वाहन संचालन क्षमता लगभग 60 वाहन प्रति घंटा निर्धारित की गई है।

इस आधुनिक सुविधा से पुराना बस स्टैंड और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में आने वाले नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। सड़क किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग कम होने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और शहर की स्मार्ट परिवहन अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला एवं धरमलाल कौशिक, महापौर पूजा विधानी तथा क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें