छत्तीसगढ़ी हमारी संस्कृति, अस्मिता और स्वाभिमान की आवाज : मुख्यमंत्री साय

  • Admin
  • Nov 28, 2026
  • 5,629 views

रायपुर | 28 नवंबर 2026 , मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ी भाषा को प्रदेश की संस्कृति, अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी में हमारी माटी की सोंधी महक, पुरखों के संस्कार और प्रदेश की आत्मीयता रची-बसी है। यह भाषा हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ हमें अपनी जड़ों से जोड़ती है।

लोकगीतों, लोककथाओं और परंपराओं में झलकती भाषा की मिठास

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास और आत्मीयता हमारे लोकगीतों, लोककथाओं, तीज-त्योहारों और परंपराओं में सहज रूप से दिखाई देती है। पीढ़ियों से यह भाषा हमारी संस्कृति, जीवन मूल्यों और सामाजिक परंपराओं को संरक्षित करती आ रही है। छत्तीसगढ़ी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का आधार है।

दैनिक व्यवहार, साहित्य और शिक्षा में बढ़े मातृभाषा का उपयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी भाषा की वास्तविक समृद्धि उसके अधिकाधिक उपयोग और नई पीढ़ी से जुड़ाव में निहित होती है। मातृभाषा के प्रति गर्व की भावना को व्यवहार में उतारते हुए छत्तीसगढ़ी को दैनिक जीवन, साहित्य, शिक्षा और रचनात्मक अभिव्यक्ति में अधिकाधिक स्थान देना जरूरी है। सामूहिक प्रयासों से ही भाषा को समृद्ध और जीवंत बनाए रखा जा सकता है।

संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने की अपील

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर मातृभाषा के मान-सम्मान को बढ़ाने तथा उसके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी के प्रयासों से छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक अक्षुण्ण बनी रहेगी।

सम्बन्धित खबरें