छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आगाज 21 अक्टूबर से, सरदार सिंह होंगे लीग एंबेसडर

  • Admin
  • Oct 12, 2026
  • 1,912 views

छह फ्रेंचाइजी टीमों का ऐलान, ड्रॉ से हुआ टीमों का आवंटन; विजेता को मिलेंगे 11 लाख रुपये

रायपुर में 1 नवंबर तक होंगे 18 पुरुष मुकाबले और महिला हॉकी का प्रदर्शनी मैच, दर्शकों को मिलेगा निःशुल्क प्रवेश

रायपुर, 12 अक्टूबर 2026।

छत्तीसगढ़ में हॉकी को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आगाज 21 अक्टूबर से होगा। प्रतियोगिता 1 नवंबर तक राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी सरदार सिंह को लीग का एंबेसडर बनाया गया है।

उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमों की घोषणा की गई। ड्रॉ के जरिए फ्रेंचाइजी को टीमों का आवंटन किया गया। इस दौरान सभी टीमों की जर्सी भी लॉन्च की गई। प्रत्येक फ्रेंचाइजी को 22 खिलाड़ियों का दल और एक मुख्य कोच आवंटित किया गया।

सरदार सिंह की विशेषज्ञता से युवा खिलाड़ियों को मिलेगा मार्गदर्शन

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन के लिए सरदार सिंह जैसी प्रतिष्ठित शख्सियत को एंबेसडर बनाना युवा खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उनके अनुभव और विशेषज्ञता से लीग को लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में हॉकी को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने के लिए लीग और फ्रेंचाइजी टीमों के बीच दीर्घकालिक साझेदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने खेल को समर्थन देने और इसमें निवेश करने वाले छह टीम मालिकों एवं प्रायोजकों का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार के साथ मिलकर काम करने से राज्य में हॉकी को नई गति मिलेगी।

लीग एंबेसडर सरदार सिंह ने कहा कि पूर्व खिलाड़ी और हॉकी इंडिया के साथ कोच के रूप में उन्होंने छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास को करीब से देखा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को खेल राज्य के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की शुरुआत दूसरे राज्यों के लिए भी मिसाल बन सकती है। यह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ प्रदेश की प्रतिभाओं को भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के रूप में विकसित करने में योगदान देने का अवसर है।

छह फ्रेंचाइजी टीमों को मिली जिम्मेदारी

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। इनके साथ प्रतिष्ठित संस्थान जुड़े हैं। टीमों और फ्रेंचाइजी का विवरण इस प्रकार है—

  • चक्रधर चैंपियंस: जिंदल स्टील लिमिटेड
  • न्यायधानी नाइट्स: साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल)
  • राजधानी रॉयल्स: श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड
  • मैनपाट टाइगर्स: छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल
  • संस्कारधानी स्ट्राइकर्स: सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड
  • बैलाडीला बुल्स: एनएमडीसी लिमिटेड

लीग में राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों, ओलंपियनों, स्थानीय प्रतिभाओं और छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का मिश्रण देखने को मिलेगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धा का अवसर देना और राज्य में घरेलू हॉकी के ढांचे को मजबूत करना है।

छह पूर्व ओलंपियन संभालेंगे मार्की खिलाड़ी की भूमिका

लीग की खासियत यह है कि प्रत्येक टीम में एक पूर्व ओलंपियन को मार्की खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया है। छह टीमों की अगुवाई अनुभवी खिलाड़ी एस.वी. सुनील, सुरेंद्र कुमार, ललित कुमार उपाध्याय, चिंगलेनसाना सिंह, शमशेर सिंह और प्रदीप मोर करेंगे।

इन दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी से स्थानीय प्रतिभाओं को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा।

132 खिलाड़ी उतरेंगे मैदान में, विजेता को 11 लाख रुपये

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में कुल 132 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें छत्तीसगढ़ के 108 स्थानीय और 24 अतिथि खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी होंगे, जिनमें चार अतिथि खिलाड़ी रहेंगे। हर टीम में एक पूर्व ओलंपियन मार्की खिलाड़ी भी शामिल होगा।

21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में 18 पुरुष हॉकी मुकाबले खेले जाएंगे। इसके अलावा महिला हॉकी का एक प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया जाएगा।

खिलाड़ियों के लिए कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। इसमें विजेता टीम को 11 लाख रुपये और उपविजेता टीम को छह लाख रुपये मिलेंगे। व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए भी विभिन्न श्रेणियों में कुल चार लाख रुपये के पुरस्कार रखे गए हैं।

हर मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को मिलेंगे 10 हजार रुपये

प्रतियोगिता के सभी 18 पुरुष मुकाबलों में प्रत्येक मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस मद में कुल एक लाख 80 हजार रुपये खर्च होंगे। वहीं, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

इसके अलावा सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी खिलाड़ी और अंडर-21 वर्ग के उभरते खिलाड़ी को 30-30 हजार रुपये दिए जाएंगे।

सभी मुकाबलों में प्रवेश निःशुल्क, जियोहॉटस्टार पर होगा प्रसारण

हॉकी प्रेमियों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। मुकाबलों का पहला मैच शाम 5:30 बजे और दूसरा मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। दोनों मैचों के बीच प्रतिदिन मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जो दर्शक स्टेडियम नहीं पहुंच सकेंगे, वे जियोहॉटस्टार पर लीग का लाइव प्रसारण देख सकेंगे। इस तरह प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों के हॉकी प्रेमी भी प्रतियोगिता से जुड़ सकेंगे।

उद्घाटन समारोह में दिखेगी छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति

लीग का उद्घाटन समारोह खेल के साथ छत्तीसगढ़ की कला और सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित करेगा। समारोह में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां होंगी। पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय मुख्य आकर्षण होंगे। इस अवसर पर हॉकी के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का सम्मान भी किया जाएगा।

‘बघवा’ होगा लीग का मस्कट, ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ टैगलाइन

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को प्रदेश की पहचान से जोड़ने के लिए विशेष लोगो, मस्कट और टैगलाइन तैयार की गई है। लीग के लोगो में छत्तीसगढ़ के नक्शे के साथ सफेद रंग में हॉकी खेलते खिलाड़ी की आकृति दिखाई गई है, जो खिलाड़ियों की प्रगति और प्रदेश के शांत वातावरण का प्रतीक है।

छत्तीसगढ़ की शान बाघ को लीग का मस्कट बनाया गया है, जिसे ‘बघवा’ नाम दिया गया है। वहीं, ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ लीग की टैगलाइन रखी गई है।

प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का आयोजन हॉकी इंडिया से संबंधित अधिकारियों और ऑफिशियल्स की देखरेख में किया जाएगा। 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर में हॉकी के रोमांच के साथ खेल, संस्कृति और मनोरंजन का संगम देखने को मिलेगा।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे और रेणुका यादव सहित सभी फ्रेंचाइजी एवं प्रायोजक संस्थानों के प्रतिनिधि तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें