छत्तीसगढ़ हॉकी लीग :मैनपाट टाइटन्स और बैलाडिला बुल्स के बीच रोमांचक भिड़ंत, 3-3 से बराबरी

  • Admin
  • Oct 23, 2026
  • 2,015 views

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के दूसरे दिन आखिरी दो क्वार्टर में बैलाडिला ने की शानदार वापसी

 प्रहलाद ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और करण धनुक ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए


रायपुर, 23 अक्टूबर 2026।

दो क्वार्टर तक मैनपाट का दबदबा, बैलाडिला ने पलटा मुकाबला

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के दूसरे दिन मैनपाट टाइटन्स और बैलाडिला बुल्स के बीच खेला गया मुकाबला 3-3 की बराबरी पर समाप्त हुआ। ओलंपियन प्रदीप मोर की अगुवाई वाली मैनपाट टाइटन्स ने शुरुआती दो क्वार्टर में दबदबा बनाए रखा, लेकिन ओलंपियन चिंगलेनसाना सिंह की टीम बैलाडिला बुल्स ने आखिरी दो क्वार्टर में शानदार वापसी कर मुकाबला बराबर कर दिया। प्रहलाद को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और करण धनुक को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।

पहले क्वार्टर में पेनल्टी कॉर्नर से बैलाडिला को बढ़त

मैच के चौथे मिनट में मैनपाट ने पहला हमला किया, लेकिन विपक्षी डिफेंडरों ने गेंद बाहर निकाल दी। जवाबी हमले में बैलाडिला ने भी सर्कल में प्रवेश किया, मगर डिफेंस को चुनौती नहीं दे सकी। सातवें मिनट में प्रहलाद टांडी के पास गोल का बेहतरीन मौका आया, लेकिन बैलाडिला के गोलकीपर ने तेजी से आगे आकर उनके प्रयास को नाकाम कर दिया।
लगातार हमलों के बीच बैलाडिला को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला। संदीप ठाकुर ने इसे गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। मैनपाट के गोलकीपर यादव गेंद के करीब होने के बावजूद उसे रोक नहीं सके। पहला क्वार्टर इसी स्कोर पर समाप्त हुआ।

प्रवीण यादव के गोल से मैनपाट की बढ़त 2-0

दूसरे क्वार्टर में मैनपाट ने अपनी बढ़त मजबूत की। हाफ-टाइम से कुछ मिनट पहले प्रहलाद ने सर्कल के अंदर शानदार दौड़ लगाई और प्रवीण यादव को गेंद दी। प्रवीण ने बेहतरीन डिफ्लेक्शन से गेंद गोल में पहुंचा दी। हाफ-टाइम तक मैनपाट 2-0 से आगे थी।

जसकरण और राहुल के गोल से बैलाडिला की वापसी

दो गोल की बढ़त के बाद मैनपाट का दबदबा कमजोर पड़ा। बैलाडिला ने लगातार हमले कर विपक्षी डिफेंस पर दबाव बनाया। जसकरण सिंह सर्कल के अंदर तक पहुंचे और राहुल यादव की ओर गेंद फ्लिक की। राहुल ने इसे गोल में बदलकर बैलाडिला का खाता खोला।
तीसरे क्वार्टर की लय बरकरार रखते हुए जसकरण ने चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ही पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-2 कर दिया। इसके बाद सर्कल के बाहर से लगाए गए ‘टोमाहॉक’ शॉट के कारण बैलाडिला को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन मैनपाट के गोलकीपर अल्फाज खान ने इसे रोक दिया।

प्रहलाद के गोल के बाद निहाल ने दिलाई बराबरी

मैनपाट के प्रहलाद को सर्कल के अंदर खाली जगह मिली, जहां से उन्होंने ‘रिवर्स फ्लिक’ के जरिए गोल कर अपनी टीम को 3-2 की बढ़त दिलाई। हालांकि, मैच के अंतिम क्षणों में बैलाडिला के निहाल हुसैन अंसारी ने पेनल्टी कॉर्नर के रिबाउंड पर शॉट लगाकर बराबरी का गोल दाग दिया। इस तरह रोमांचक मुकाबला 3-3 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

सम्बन्धित खबरें