छत्तीसगढ़ हॉकी लीग : उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने की खिलाड़ियों की हौसला अफजाई

  • Admin
  • Oct 23, 2026
  • 2,743 views

 

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग  में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 6-4 से हराया

 उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्टेडियम पहुंचकर बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह,

मैनपाट टाइटन्स-बैलाडीला बुल्स का मुकाबला 3-3 से बराबर


रायपुर, 23 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में चक्रधर चैंपियंस ने आक्रामक खेल दिखाते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 6-4 से पराजित कर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। चक्रधर की जीत के नायक युवराज वाल्मीकि रहे, जिन्होंने हैट्रिक लगाई। मुकाबला देखने उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव भी हॉकी स्टेडियम पहुंचे और दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

युवराज वाल्मीकि की हैट्रिक ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को किया परास्त, चक्रधर चैंपियंस पॉइंट्स टेबल में टॉप पर

शुरुआती बढ़त से आखिरी क्वार्टर तक चक्रधर का दबदबा

चक्रधर चैंपियंस ने अनुभवी भारतीय खिलाड़ी एस.वी. सुनील की मदद से गोल के मौके बनाए। सुनील के सटीक पास पर युवराज वाल्मीकि ने रिबाउंड से पहला गोल दागा। इसके ठीक एक मिनट बाद अर्जुन यादव ने संस्कारधानी के डिफेंडर से गेंद छीनकर गोल के सामने पास दिया, जिस पर कार्तिक यादव ने डाइव लगाकर गोल किया। चक्रधर ने 2-0 की बढ़त बना ली।
दूसरे क्वार्टर में चक्रधर ने पेनल्टी कॉर्नर पर तीसरा गोल किया। इस बार ड्रैग फ्लिकर ने गेंद सुनील की ओर बढ़ाई और सुनील ने उसे वाल्मीकि तक पहुंचाया। वाल्मीकि ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने शाहरुख के रिबाउंड गोल से वापसी की कोशिश की, लेकिन चक्रधर को जल्द ही पेनल्टी स्ट्रोक मिल गया। कार्तिक के खिलाफ गोलकीपर आदित्य कुमार नेताम के टैकल के बाद मिले इस मौके को वाल्मीकि ने गोल में बदलकर अपना दूसरा और टीम का चौथा गोल कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में संस्कारधानी की वापसी

तीसरे क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने जोरदार वापसी की। शाहरुख ने फील्ड गोल किया और शमशेर ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर स्कोर 4-3 कर दिया। मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया, लेकिन अंतिम क्वार्टर में चक्रधर ने फिर बढ़त मजबूत कर ली। मनीष ने सर्कल में मिले मौके पर शानदार डिफ्लेक्शन से गोल किया। इसके बाद पेनल्टी कॉर्नर से मिले अवसर पर वाल्मीकि ने रिबाउंड पर गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की। संस्कारधानी की ओर से शमशेर ने फील्ड गोल किया, लेकिन तब तक चक्रधर 6-4 की निर्णायक बढ़त बना चुका था।
शाहरुख को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और युवराज वाल्मीकि को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

मैनपाट-बैलाडीला का मुकाबला 3-3 से बराबर

दिन के पहले मुकाबले में मैनपाट टाइटन्स और बैलाडीला बुल्स ने 3-3 से ड्रॉ खेला। पहले दो क्वार्टर में प्रदीप मोर की मैनपाट टाइटन्स ने दबदबा बनाते हुए हाफ टाइम तक 2-0 की बढ़त हासिल की। आखिरी दो क्वार्टर में चिंगलेनसाना सिंह की बैलाडीला बुल्स ने जोरदार वापसी की। जसकरण सिंह और राहुल यादव के गोलों ने मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। अंतिम मिनटों में दोनों टीमों ने गोल के मौके बनाए, लेकिन कोई भी निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सकी।
प्रहलाद को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और करण धानुक को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।

सम्बन्धित खबरें