तैलिक साहू महासभा के राष्ट्रीय अधिवेशन में सामाजिक एकजुटता और उत्थान पर मंथन

  • Admin
  • Oct 04, 2026
  • 7,884 views

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा—शिक्षा, सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी से मजबूत होगा समाज; केशर काकू के योगदान को किया याद

बीड, 4 अक्टूबर 2026। 

महाराष्ट्र के बीड में आयोजित अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक और सामान्य सभा में समाज के विकास, सामाजिक एकजुटता और समाज हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यापक विचार-मंथन हुआ। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। देशभर से पहुंचे महासभा के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने सामाजिक उत्थान के लिए मिलकर आगे बढ़ने पर चर्चा की।

राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान अरुण साव ने काकू स्मृति स्थल पहुंचकर स्वर्गीय केशरबाई क्षीरसागर ‘केशर काकू’ को श्रद्धांजलि अर्पित की और समाज के लिए उनके योगदान को नमन किया।

शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी को दिया महत्व

उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में संगठन की गतिविधियों और समाज हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

अरुण साव ने कहा कि तैलिक समाज अपने परिश्रम और ईमानदारी के कारण देश का प्रतिष्ठित और व्यापक समाज है। समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने की जरूरत है। सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी समाज को प्रभावी रूप से जोर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच संवाद और सहभागिता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

केशर काकू को श्रद्धांजलि, समाज के लिए योगदान को किया याद

सोनाजीराव क्षीरसागर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज परिसर में अरुण साव ने स्वर्गीय केशरबाई क्षीरसागर ‘केशर काकू’ के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने केशर काकू को समाज की नींव के रूप में स्मरण करते हुए उनके योगदान को याद किया। केशर काकू महाराष्ट्र विधानसभा में विधायक के रूप में सेवाएं दे चुकी थीं। तैलिक समाज की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उन्होंने देशभर की इकाइयों को एक मंच पर लाकर समाज के उत्थान में हर वर्ग की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने समाज की महिलाओं को भी विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने और समाज हित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

अरुण साव ने केशर काकू की स्मृति में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।

संगठन को मजबूत बनाने के प्रयासों से सीख लेने की अपील

अरुण साव ने कहा कि महासभा की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष केशर काकू ने संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यों और संकल्पों से सभी पदाधिकारियों को सीख लेनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में केशर काकू के सुपुत्र और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री जयदत्त क्षीरसागर समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष की भूमिका निभाते हुए समाज को एकजुट कर बेहतर कार्य कर रहे हैं। केशर काकू के कार्यों और संकल्पों को आगे बढ़ाने का कार्य जयदत्त क्षीरसागर कर रहे हैं।

सामान्य सभा में समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने पर जोर

अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की सामान्य सभा में अरुण साव ने वरिष्ठ पदाधिकारियों और देशभर से आए प्रतिनिधियों के साथ सहभागिता की। इस दौरान समाज के विकास और सामाजिक हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।

सामाजिक एकजुटता, समाज के उत्थान और सामूहिक प्रयासों के जरिए आगे बढ़ने को लेकर भी विचार-मंथन किया गया। अधिवेशन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता बढ़ाने और सामाजिक विकास के लिए मिलकर कार्य करने पर जोर दिया गया।

सम्बन्धित खबरें