रेलवे में नौकरी का बड़ा अवसर: 3,548 पदों पर बंपर भर्ती, 6 नवंबर तक करें आवेदन

  • Admin
  • Oct 11, 2026
  • 6,876 views

एनटीपीसी भर्ती के लिए 6 नवंबर तक आवेदन; शुरुआती मूल वेतन 29,200 से 35,400 रुपये प्रतिमाह


आयु सीमा 18 से 33 वर्ष, पात्र अभ्यर्थियों को आरक्षण और आयु में छूट का लाभ


नई दिल्ली : 11 अक्टूबर 2026। भारतीय रेलवे ने स्नातक युवाओं के लिए नौकरी के अवसर खोलते हुए गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों (एनटीपीसी) के तहत 3,548 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना संख्या 06/2026 के तहत होने वाली इस भर्ती में मालगाड़ी प्रबंधक के सर्वाधिक 2,750 पद हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 8 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है और इच्छुक पात्र अभ्यर्थी 6 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
चार श्रेणियों में 3,548 पद
भर्ती के तहत मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट पर्यवेक्षक, मालगाड़ी प्रबंधक, कनिष्ठ लेखा सहायक सह टाइपिस्ट और वरिष्ठ क्लर्क सह टाइपिस्ट के पद भरे जाएंगे। पदवार रिक्तियों में मालगाड़ी प्रबंधक के 2,750, वरिष्ठ क्लर्क सह टाइपिस्ट के 371, कनिष्ठ लेखा सहायक सह टाइपिस्ट के 300 और मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट पर्यवेक्षक के 127 पद शामिल हैं। इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को वाणिज्यिक सेवाओं, ट्रेन संचालन, लेखा और प्रशासन से जुड़े कार्यों में जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलेगा।
29,200 से 35,400 रुपये तक शुरुआती मूल वेतन
सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट पर्यवेक्षक का शुरुआती मूल वेतन वेतन स्तर-6 में 35,400 रुपये प्रतिमाह होगा। अन्य तीन श्रेणियों के पदों के लिए वेतन स्तर-5 के तहत शुरुआती मूल वेतन 29,200 रुपये प्रतिमाह निर्धारित है। इसके अतिरिक्त लागू नियमों के अनुसार भत्ते और सेवा संबंधी सुविधाएं मिलेंगी।
6 नवंबर तक आवेदन, 8 नवंबर शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि
ऑनलाइन आवेदन 8 अक्टूबर से शुरू हो चुके हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 6 नवंबर 2026 रात 11:59 बजे है। परीक्षा शुल्क 8 नवंबर तक जमा किया जा सकेगा, जबकि आवेदन में संशोधन के लिए 9 से 18 नवंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है।
डिग्री जरूरी, आयु सीमा 18 से 33 वर्ष
आवेदक के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री या समकक्ष योग्यता होना आवश्यक है। संबंधित पद के लिए अधिसूचना में निर्धारित अन्य पात्रता शर्तें भी पूरी करनी होंगी। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर होगी और निर्धारित आयु सीमा 18 से 33 वर्ष है। नियमानुसार पात्र श्रेणियों को आयु में छूट तथा आरक्षण का लाभ मिलेगा।
दो चरणों में कंप्यूटर आधारित परीक्षा
चयन प्रक्रिया में प्रथम चरण और द्वितीय चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षाएं (सीबीटी) शामिल हैं। इसके बाद आवश्यकतानुसार दस्तावेजों का सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण किया जाएगा। चयन निर्धारित योग्यता और पात्रता शर्तों के आधार पर होगा। पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए नियमों के अनुसार आरक्षण, आयु में छूट, लेखक की सहायता और अतिरिक्त समय के प्रावधान भी लागू होंगे।
दो पदों के लिए टाइपिंग परीक्षा से छूट का प्रावधान
अधिसूचना संख्या 06/2026 के अनुसार कनिष्ठ लेखा सहायक सह टाइपिस्ट और वरिष्ठ क्लर्क सह टाइपिस्ट के पदों के लिए कंप्यूटर आधारित टाइपिंग कौशल परीक्षा (सीबीटीएसटी) से छूट का प्रावधान भी शामिल है। हालांकि, अभ्यर्थियों से बुनियादी कंप्यूटर और टाइपिंग दक्षता की अपेक्षा की जाएगी, जिसका आकलन अधिसूचना में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्यभार ग्रहण करने के बाद किया जाएगा।
आधिकारिक पोर्टल पर देखें पूरी अधिसूचना
अभ्यर्थी पदवार रिक्तियों, पात्रता, चयन प्रक्रिया और अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट https://rrb.indianrailways.gov.in पर देख सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए https://www.rrbapply.gov.in पोर्टल उपलब्ध है। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को आधिकारिक अधिसूचना पढ़कर अपनी पात्रता सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।

सम्बन्धित खबरें