निर्माण श्रमिकों के 47 हजार से अधिक हितग्राहियों को 18.96 करोड़ रुपये की सहायता

  • Admin
  • Oct 24, 2026
  • 1,263 views

सेवा संकल्प अभियान के तहत एक माह में 15 जनकल्याणकारी योजनाओं का मिला लाभ, बच्चों की शिक्षा से लेकर मातृत्व सहायता और सामाजिक सुरक्षा तक पर जोर

डीबीटी के जरिए हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित की गई राशि

रायपुर, 24 अक्टूबर 2026। 

छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की 15 जनकल्याणकारी योजनाएं प्रदेश के निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से मातृत्व सहायता, बच्चों की शिक्षा, साइकिल, औजार, सुरक्षा उपकरण, आवास, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा जैसी जरूरतों के लिए आर्थिक मदद दी जा रही है। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश के 47,011 पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को कुल 18 करोड़ 96 लाख 73 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित की गई।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में श्रम विभाग के अंतर्गत संचालित ये योजनाएं श्रमिक परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं।

मातृत्व सहायता और श्रमिकों के लिए आर्थिक संबल

मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत 1,975 हितग्राहियों को 3 करोड़ 95 लाख रुपये की सहायता दी गई। मुख्यमंत्री साइकिल सहायता योजना के अंतर्गत 220 हितग्राहियों को 8 लाख 15 हजार 113 रुपये तथा मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना के तहत 509 हितग्राहियों को 17 लाख 44 हजार 7 रुपये प्रदान किए गए।

इन योजनाओं से श्रमिक परिवारों को आवश्यक संसाधन जुटाने और कामकाज की क्षमता बढ़ाने में मदद मिल रही है।

बच्चों की शिक्षा के लिए 7 करोड़ से अधिक की सहायता

श्रमिक परिवारों के बच्चों की पढ़ाई को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता दी गई। मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 38,380 हितग्राहियों को 6 करोड़ 67 लाख 9 हजार रुपये प्रदान किए गए। वहीं, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत 904 हितग्राहियों को 60 लाख 64 हजार 700 रुपये की सहायता मिली।

निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तक-कॉपी सहायता योजना के अंतर्गत 1,243 हितग्राहियों को 17 लाख 59 हजार रुपये दिए गए। इसके अलावा, उत्कृष्ट खेल प्रोत्साहन योजना के तहत तीन हितग्राहियों को 1 लाख 50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई। इन पहलों का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।

सामाजिक सुरक्षा और बुजुर्ग श्रमिकों को सहायता

सामाजिक सुरक्षा के तहत मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत 246 हितग्राहियों को 2 करोड़ 46 लाख रुपये की सहायता दी गई। इसके अतिरिक्त, दो हितग्राहियों को 10 लाख रुपये की सहायता राशि उनके बैंक खातों में अंतरित की गई।

मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक दीर्घायु सहायता योजना के तहत दो हितग्राहियों को 40 हजार रुपये तथा मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के अंतर्गत 238 हितग्राहियों को 47 लाख 60 हजार रुपये प्रदान किए गए। इन योजनाओं के जरिए श्रमिकों और उनके परिवारों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सहारा देने का प्रयास किया जा रहा है।

महिला सशक्तिकरण और कार्यस्थल पर सुरक्षा

महिला श्रमिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत 1,957 हितग्राहियों को 3 करोड़ 91 लाख 40 हजार रुपये दिए गए। दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के अंतर्गत 12 हितग्राहियों को 13 लाख 37 हजार 200 रुपये की सहायता प्रदान की गई।

कार्यस्थल पर सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना के तहत 1,319 हितग्राहियों को 19 लाख 78 हजार 500 रुपये दिए गए। वहीं, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना के अंतर्गत एक हितग्राही को 75 हजार रुपये की सहायता मिली।

श्रमिक परिवारों के जीवन स्तर में सुधार का प्रयास

छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की योजनाएं निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों की विभिन्न जरूरतों को ध्यान में रखकर संचालित की जा रही हैं। शिक्षा, मातृत्व, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, कार्यस्थल पर सुरक्षा और आवास जैसे क्षेत्रों में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर श्रमिक परिवारों को मजबूती देने का प्रयास किया जा रहा है। इन योजनाओं से बच्चों के बेहतर भविष्य और श्रमिक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिल रही है।

सहायक संचालक: ताराशंकर सिन्हा

सम्बन्धित खबरें