विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अग्रवाल समाज की होगी महत्वपूर्ण भूमिका: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

  • Admin
  • Oct 12, 2026
  • 1,142 views

राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव-2026 में हुए शामिल, घायल गौमाता के उपचार के लिए गौरक्षा वाहिनी एम्बुलेंस का लोकार्पण

रायपुर, 12 अक्टूबर 2026।

राजधानी रायपुर स्थित श्री अग्रसेन धाम में आयोजित श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव-2026 में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि एवं श्री अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में अग्रवाल समाज के सामाजिक, आर्थिक और सेवा कार्यों में योगदान को रेखांकित किया गया। साथ ही घायल गौमाता के उपचार के लिए गौरक्षा वाहिनी एम्बुलेंस का लोकार्पण किया गया।

महाराजा अग्रसेन के आदर्श समाज के लिए प्रेरणास्रोत : राज्यपाल

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज को दानशीलता, परोपकार और आपसी सहयोग का अमूल्य संदेश दिया। अग्रवाल समाज व्यवसाय के साथ-साथ सामाजिक सेवा और भारतीय अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। समाज के लोगों द्वारा स्थापित उद्योग-धंधों से अनेक लोगों को रोजगार मिलता है और विभिन्न क्षेत्रों में वे अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी। उनका ‘एक ईंट, एक रुपया’ का सिद्धांत आपसी सहयोग और आत्मनिर्भरता का अनूठा उदाहरण है। महाराजा अग्रसेन का संदेश है कि सभी से ज्ञान ग्रहण करना चाहिए और जरूरतमंदों को दान देना चाहिए।

राज्यपाल ने नई पीढ़ी से पारंपरिक मूल्यों को अपनाने और केवल त्वरित सफलता के पीछे न भागने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज में पारिवारिक व्यवसाय को आगे बढ़ाने की सुंदर परंपरा है। उन्होंने असम के सिनेमा को आगे बढ़ाने में ज्योति प्रसाद अग्रवाल के योगदान का भी उल्लेख किया।

राज्यपाल ने कहा कि सभी की भागीदारी से ही सुंदर समाज का निर्माण संभव है। छत्तीसगढ़ में उद्योग और व्यवसाय की अपार संभावनाएं हैं। अग्रवाल समाज इन अवसरों का उपयोग कर नए रोजगार सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य में समाज की अहम भूमिका : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अग्रवाल समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। यह समाज हमेशा परोपकार और जनसेवा के कार्यों में आगे रहा है। स्वास्थ्य शिविरों, गौसेवा, धर्मशालाओं, सामूहिक विवाह और निःशुल्क शिक्षा जैसी गतिविधियों के माध्यम से समाज जरूरतमंदों की सहायता करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता के उपचार के लिए एम्बुलेंस का लोकार्पण अग्रवाल समाज की सेवा भावना का उदाहरण है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार भी विजन डॉक्यूमेंट के आधार पर मिशन मोड में काम कर रही है।

उन्होंने राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देने के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार छत्तीसगढ़ की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) को 5 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खनिज, वनोपज, बिजली और पानी सहित प्रचुर प्राकृतिक संसाधन उपलब्ध हैं। अग्रवाल समाज अपने व्यावसायिक प्रयासों से राज्य के विकास और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

समाजसेवा में अग्रवाल समाज का योगदान सराहनीय : स्वास्थ्य मंत्री

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि अग्रवाल समाज लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी बहुमूल्य योगदान देता है। महाराजा अग्रसेन ने समानता और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया, जो आज भी समाज के लिए प्रासंगिक है।

घायल गौमाता के उपचार के लिए गौरक्षा वाहिनी एम्बुलेंस शुरू

श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव के अवसर पर घायल गौमाता के उपचार के लिए गौरक्षा वाहिनी एम्बुलेंस का लोकार्पण किया गया। अग्रसेवा गौशाला रायपुर द्वारा संचालित इस एम्बुलेंस की सुविधा प्राप्त करने के लिए मोबाइल नंबर 8109002139 पर संपर्क किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल समाज की डायरेक्ट्री और अग्रपुष्प त्रैमासिक पत्रिका के प्रथम अंक का विमोचन भी किया गया। इसके साथ ही समाज के प्रतिभावान बच्चों को ‘अग्र प्रतिभा सम्मान’ और युवाओं को ‘अग्र गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एडीआर ग्रुप के चेयरमैन सुशील अग्रवाल, अग्रवाल समाज रायपुर के अध्यक्ष विजय अग्रवाल, मनमोहन अग्रवाल, प्रेमचंद अग्रवाल सहित समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और सामाजिक सदस्य उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें