शुजालपुर में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम, मंत्री इंदर सिंह परमार ने बच्चों और माताओं से किया संवाद सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजन, बच्चों को खिलौना किट बांटी; पोषण प्रदर्शनी और स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगा

  • Admin
  • Sep 27, 2026
  • 1,339 views

शुजालपुर | 27 सितंबर 2026

सेवा संकल्प अभियान के तहत शाजापुर जिले के शुजालपुर स्थित फ्रीगंज राघवगंज आंगनवाड़ी केंद्र 20/1 में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार के मुख्य आतिथ्य में हुए कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और कन्या पूजन के साथ हुई।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण और मुख्यमंत्री मोहन यादव के उद्बोधन का एलईडी के माध्यम से सीधा प्रसारण भी किया गया।

बच्चों और माताओं से किया आत्मीय संवाद

मंत्री इंदर सिंह परमार ने आंगनवाड़ी केंद्र में मौजूद बच्चों और माताओं से बातचीत की। उन्होंने माताओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और दैनिक गतिविधियों की जानकारी ली।

मंत्री ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनकी गतिविधियों में सहभागिता की। बच्चों को खिलौना किट भी वितरित की गई।

बच्चों के शुरुआती विकास पर जोर

मंत्री परमार ने कहा कि बच्चे समाज और राष्ट्र का भविष्य हैं। उनके स्वस्थ शरीर, संस्कारित मन और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुरुआती वर्षों में विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और संस्कारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी सिर्फ बच्चों की देखभाल और पोषण का केंद्र नहीं, बल्कि उनके भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने वाला स्थान है। बच्चों के सर्वांगीण विकास में परिवार के साथ समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य

मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सेवा और सहभागिता की भावना को मजबूत करना है। जरूरतमंद लोगों तक संवेदना और सहयोग पहुंचाना तथा उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना ही सेवा का वास्तविक उद्देश्य है।

उन्होंने माताओं से बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहने का आह्वान किया। पौष्टिक आहार, स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य देखभाल और अच्छे संस्कार को बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक बताया।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने केंद्र में संचालित गतिविधियों और बच्चों के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में माताओं ने भी बच्चों से जुड़े विषयों पर संवाद किया।

कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा दीदी का सम्मान किया गया। साथ ही समाज के प्रबुद्धजनों से आंगनवाड़ी केंद्रों को गोद लेने का आह्वान किया गया।

पोषण प्रदर्शनी और स्वास्थ्य जांच शिविर

कार्यक्रम में जिले के नवाचार ‘घर में पकाएंगे, घर का खाएंगे’ के तहत पोषण प्रदर्शनी लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया, जिसका मंत्री और अतिथियों ने अवलोकन किया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय त्रिपाठी ने बताया कि ‘आंगन मिलन’ का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों से जनभागीदारी को जोड़ना, बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और माताओं-बच्चों के साथ आत्मीय संवाद के माध्यम से सेवा एवं संवेदना की भावना को मजबूत करना है।

ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष शुजालपुर बबीता परमार, डॉ. रवि पांडे, सेवा संकल्प अभियान जिला प्रभारी नरेंद्र सिंह यादव, देवेंद्र सिसोदिया, देवेंद्र तिवारी, अंजू खत्री, युवराज रामडिया, योगेश शिवहरे, अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर अंकिता पाटकर, प्रभारी परियोजना अधिकारी शुजालपुर ममता परमार सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, गणमान्य नागरिक, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।

सम्बन्धित खबरें