राष्ट्रीय पैरा तैराकी में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के खिलाड़ियों का जलवा, छह पदक जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान

  • Admin
  • Nov 23, 2026
  • 2,547 views

रोहित कुमार ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीता, जंतराम पनिका और मोहनी मरावी ने भी हासिल किए कांस्य पदक

भोपाल में 12 से 15 नवंबर तक आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 23 नवंबर 2026।

 मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के दिव्यांग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर जिले और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। जिले के तीन खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य सहित कुल छह पदक अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि ने साबित किया है कि आत्मविश्वास, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प से हर चुनौती को पार कर सफलता हासिल की जा सकती है।

भोपाल में 12 से 15 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के दिव्यांग तैराकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के रोहित कुमार, जंतराम पनिका और मोहनी मरावी ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। तीनों खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल दिखाते हुए कुल छह पदक हासिल किए।

रोहित कुमार ने जीते दो स्वर्ण और एक रजत पदक

प्रतियोगिता में जिले के तैराक रोहित कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत सहित कुल तीन पदक जीते। उन्होंने 50 मीटर बैक स्ट्रोक और 100 मीटर बैक स्ट्रोक स्पर्धाओं में शानदार समय दर्ज करते हुए रिकॉर्ड भी बनाया। उनकी इस उपलब्धि से राष्ट्रीय स्तर पर जिले की खेल प्रतिभा को नई पहचान मिली है। उनका प्रदर्शन अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बना है।

जंतराम पनिका और मोहनी मरावी ने भी जीते कांस्य पदक

जिले के जंतराम पनिका ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक हासिल किए। वहीं मोहनी मरावी ने एक कांस्य पदक जीतकर जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया। दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में अपनी क्षमता और आत्मविश्वास का परिचय दिया।

कलेक्टर ने खिलाड़ियों को दी बधाई, उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले तीनों पदक विजेता खिलाड़ियों ने आज कलेक्टर विजय दयाराम के. से सौजन्य मुलाकात की। कलेक्टर ने उनकी उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए हार्दिक बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर छह पदक जीतना पूरे जिले के लिए गर्व और सम्मान की बात है। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से साबित किया है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उनकी सफलता जिले के अन्य खिलाड़ियों, विशेषकर दिव्यांग प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक है।

कलेक्टर ने खिलाड़ियों को भविष्य में भी निरंतर अभ्यास करने, अपनी खेल प्रतिभा को और निखारने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

खिलाड़ियों की उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल

राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में जिले के तीन खिलाड़ियों द्वारा छह पदक जीतने से खेल जगत में खुशी और उत्साह का माहौल है। यह उपलब्धि जिले में मौजूद खेल प्रतिभाओं की क्षमता और संभावनाओं को भी रेखांकित करती है। सीमित संसाधनों और विभिन्न चुनौतियों के बावजूद मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने वाले ये खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बने हैं।

सम्बन्धित खबरें