फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लोकप्रिय बुंदेली गीत से बनाई पहचान, संगीत की औपचारिक शिक्षा में भी मोहन सरकार करेगी सहयोग

दृष्टिबाधित बुंदेली गायक सुनील लोधी को मुख्यमंत्री डॉ. यादव का संबल, एक लाख की सम्मान निधि

 

भोपाल, 3 सितंबर 2026। मध्यप्रदेश की लोकभाषा और लोकसंगीत को अपनी आवाज देने वाले युवा बुंदेली गायक सुनील लोधी के हुनर को अब प्रदेश सरकार का संबल मिलेगा। सागर निवासी और जन्म से दृष्टिबाधित सुनील लोधी ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लिए बुंदेली में गीत गाया है, जो श्रोताओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हुआ है।

सुनील लोधी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से समत्व भवन स्थित मुख्यमंत्री निवास में भेंट की। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार श्रेष्ठ कलाकारों को आगे बढ़ने के लिए अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि राज्य सरकार की ओर से सुनील लोधी को एक लाख रुपए की सम्मान निधि प्रदान की जाएगी। साथ ही, उनके संगीत प्रशिक्षण और आगे की प्रतिभा को निखारने के लिए भी आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।

संगीत की औपचारिक शिक्षा में भी मिलेगा सहयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुनील लोधी की बचपन से ही गायन में गहरी रुचि रही है। इसलिए उन्हें संगीत विद्यालय से औपचारिक संगीत पाठ्यक्रम पूरा करने में भी सहयोग दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने ऐसे प्रतिभाशाली कलाकारों को खोजने और उन्हें मंच उपलब्ध कराने के लिए टैलेंट सर्च जैसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात भी कही।

डॉ. यादव ने सुनील लोधी की आंखों की रोशनी के उपचार के लिए भी आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सुनील लोधी और उनके माता-पिता का सम्मान भी किया।

मुख्यमंत्री को सुनाया लोकप्रिय बुंदेली गीत

मुलाकात के दौरान सुनील लोधी ने तंबूरा बजाते हुए फिल्म ‘हनुमान अंश’ का लोकप्रिय बुंदेली गीत—
“मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई”
गाकर सुनाया।

मुख्यमंत्री के आग्रह पर उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर गाया जाने वाला भजन “जन्म लए रघुराई, ब्रज में बज रही बधाई” भी प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर सुनील लोधी के पिता महेन्द्र सिंह लोधी, माता भाग बाई, संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी और गायक के मित्र उपस्थित रहे।

लोकभाषा, लोकसंगीत और प्रतिभा को प्रोत्साहन देने की दिशा में सरकार का यह कदम सुनील लोधी जैसे कलाकारों के लिए नए अवसरों का द्वार खोलने वाला माना जा रहा है।

सम्बन्धित खबरें