प्रमुख सचिव श्र मुकेश चंद गुप्ता ने जिला जेल एवं खुली जेल इंदौर का किया आकस्मिक निरीक्षण जेल व्यवस्थाओं का लिया जायजा ई-प्रिजन की अपूर्ण प्रविष्टियां शीघ्र पूर्ण करने एवं प्रक्रियाओं को ऑनलाइन करने के दिए निर्देश

भोपाल : मंगलवार, अगस्त 11, 2026

 

मध्यप्रदेश जेल विभाग के प्रमुख सचिव  मुकेश चंद गुप्ता ने आज जिला जेल इंदौर एवं खुली जेल इंदौर का आकस्मिक निरीक्षण कर जेल की व्यवस्थाओं, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव  गुप्ता ने कंट्रोल रूम, बंदी मुलाकात, वारंट शाखा, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बंदियों की पेशी तथा लीगल एड सहित विभिन्न शाखाओं में वर्तमान में प्रचलित रजिस्टरों एवं अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने इन प्रक्रियाओं को भविष्य में अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन किए जाने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही ई-प्रिजन प्रणाली में लंबित एवं अपूर्ण प्रविष्टियों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

प्रमुख सचिव ने जेल की पाकशाला एवं लाइब्रेरी का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही खुली जेल एवं महिला वार्ड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने महिला बंदियों तथा उनके साथ रह रहे बच्चों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्‍होंने बंदियों से संबंधित अभिलेखों एवं प्रक्रियाओं में डिजिटल प्रणाली का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा जेलों में सुरक्षा, प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता एवं बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की निरंतर निगरानी किए जाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधीक्षक, केंद्रीय जेल इंदौर  दिनेश नरगावे ने प्रमुख सचिव  गुप्ता को जेल की व्यवस्थाओं एवं संचालित गतिविधियों से अवगत कराया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक, जिला जेल  जवाहर मंडलोई, उप अधीक्षक  राकेश मोहन उपाध्याय सहित जेल विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।।

 

सम्बन्धित खबरें