मिट्टी से खिलौने गढ़ रहे आंगनवाड़ी के नन्हें बच्चे, खेल-खेल में सीख रहे प्रकृति का महत्व जबलपुर के आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘माटी अनमोल’ नवाचार से निखर रही रचनात्मक प्रतिभा; हर गुरुवार मिट्टी से खिलौने और कलात्मक वस्तुएं बना रहे बच्चे

  • Admin
  • Nov 10, 2026
  • 0 views

जबलपुर, 10 नवंबर 2026। 

कहीं नन्हें हाथ मिट्टी से हाथी-घोड़े बना रहे हैं, तो कहीं छोटी-छोटी मटकियां, दीये और मनपसंद आकृतियां आकार ले रही हैं। मिट्टी को गूंथकर और प्राकृतिक रंगों से सजाकर बच्चे न केवल अपनी कल्पनाओं को साकार कर रहे हैं, बल्कि खेल-खेल में प्रकृति और मिट्टी का महत्व भी समझ रहे हैं।

जबलपुर जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘प्रकृति से जोड़ो’ अभियान के अंतर्गत संचालित ‘माटी अनमोल’ नवाचार बच्चों के लिए आनंद के साथ सीखने का माध्यम बन रहा है। इस पहल के तहत प्रत्येक गुरुवार को बच्चे मिट्टी से विभिन्न खिलौने और कलात्मक वस्तुएं बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा को निखार रहे हैं।

रचनात्मकता के साथ कौशल विकास पर जोर

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) गतिविधियों के अंतर्गत शुरू किए गए इस नवाचार का उद्देश्य बच्चों को प्रकृति के करीब लाना और मिट्टी के महत्व से परिचित कराना है।

मिट्टी को छूने, गूंथने और अलग-अलग आकृतियों में ढालने से बच्चों की कल्पनाशक्ति, एकाग्रता, सूक्ष्म शारीरिक कौशल और हाथों-आंखों के समन्वय को बढ़ावा मिल रहा है। रोचक गतिविधियों से आंगनवाड़ी केंद्रों के प्रति बच्चों का आकर्षण बढ़ाने और उनकी नियमित उपस्थिति को प्रोत्साहित करने में भी मदद मिल रही है।

मिट्टी से खिलौने बनाकर समझ रहे पर्यावरण का महत्व

‘माटी अनमोल’ गतिविधि में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं बच्चों को स्वच्छ एवं सुरक्षित मिट्टी उपलब्ध कराती हैं। बच्चे अपनी रुचि के अनुसार मिट्टी से खिलौने, बर्तन, पशु-पक्षी और विभिन्न आकृतियां बनाते हैं। इन्हें धूप में सुखाने के बाद गेरू, पीली मिट्टी और अन्य उपयुक्त प्राकृतिक रंगों से सजाया जाता है।

इस दौरान बच्चों को सरल और रोचक तरीके से बताया जाता है कि मिट्टी में पेड़-पौधे उगते हैं, इससे अन्न मिलता है और मिट्टी से घड़े, दीये सहित अनेक उपयोगी वस्तुएं बनाई जाती हैं। इस तरह बच्चों में प्रकृति के प्रति लगाव के साथ पर्यावरण संरक्षण की समझ भी विकसित की जा रही है।

समूह में सीख रहे सहयोग और मिलकर काम करना

गतिविधियों के दौरान बच्चों को समूह में बैठाकर उनकी पसंद की आकृतियां बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। बच्चे एक-दूसरे की बनाई वस्तुओं को देखते हैं और अपने अनुभव साझा करते हैं। इससे उनमें आपसी सहयोग, संवाद, आत्मविश्वास और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित हो रही है।

अपने हाथों से तैयार खिलौने बच्चों को सृजन का आनंद देने के साथ अपनी प्रतिभा व्यक्त करने का अवसर भी प्रदान कर रहे हैं।

स्वच्छता और सुरक्षा का भी रखा जा रहा ध्यान

गतिविधियों के दौरान स्वच्छता और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाती है। मिट्टी को बारीक छानकर यह सुनिश्चित किया जाता है कि उसमें कंकड़, कांच या अन्य हानिकारक वस्तुएं न हों। बच्चों के नाखून साफ रखने, मिट्टी मुंह में न डालने और गतिविधि पूरी होने के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धुलवाने पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

जबलपुर जिले का ‘माटी अनमोल’ नवाचार आंगनवाड़ी केंद्रों में आनंदमयी और अनुभव आधारित शिक्षा का उदाहरण बन रहा है। यह पहल बच्चों को प्रकृति से जोड़ने के साथ पारंपरिक मिट्टी के खिलौनों और स्थानीय कला-संस्कृति से भी परिचित करा रही है। मिट्टी से खेलते हुए बच्चे अपनी कल्पनाओं को आकार देने के साथ प्रकृति से जुड़ाव की सीख भी प्राप्त कर रहे हैं।

सम्बन्धित खबरें