माड़ीन नदी में फंसे ग्रामीण को रेस्क्यू कर बचाया, 9 परिवार सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट

  • Admin
  • Sep 26, 2026
  • 6,399 views

तारागांव में बैल खोलने खेत गए 55 वर्षीय ग्रामीण पेड़ पर चढ़कर बचाई जान, प्रशासन ने संभाला मोर्चा

नारायणपुर, 26 सितंबर 2026

नारायणपुर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच माड़ीन नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से ग्राम तारागांव में बाढ़ के पानी के बीच फंसे 55 वर्षीय ग्रामीण गोपी राम पटेल को जिला प्रशासन, पुलिस और नगर सेना की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए ओरछा विकासखंड के ग्राम कलमानार में नदी किनारे बसे 9 परिवारों को भी समय रहते सुरक्षित स्थानों और उनके रिश्तेदारों के घर शिफ्ट कराया गया है।

वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश और कलेक्टर के मार्गदर्शन में चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में बचाव दल ने विपरीत परिस्थितियों के बीच साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए ग्रामीण की जान बचाई।

बैल खोलने खेत गए, अचानक बढ़ा नदी का पानी

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम तारागांव निवासी गोपी राम पटेल नदी किनारे स्थित अपने खेत में बंधे बैल को खोलने गए थे। इसी दौरान नदी का जलस्तर अप्रत्याशित रूप से तेजी से बढ़ गया और वे चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिर गए। जान बचाने के लिए उन्होंने पास स्थित एक आम के पेड़ पर चढ़कर शरण ली और घंटों पेड़ के सहारे फंसे रहे।

ग्रामीण के बाढ़ में फंसे होने की सूचना मिलते ही एसडीओपी छोटेडोंगर, जिला सेनानी नगर सेना के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी धौड़ाई के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने सूझबूझ के साथ अभियान चलाकर गोपी राम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू के बाद उन्हें तत्काल धौड़ाई स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनके स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें भोजन भी उपलब्ध कराया।

कलमानार में 9 परिवारों को समय रहते सुरक्षित किया

नारायणपुर जिले के ओरछा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कलमानार में भी नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। संभावित आपदा को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे बसे 9 परिवारों को समय रहते सुरक्षित स्थानों और उनके रिश्तेदारों के यहां शिफ्ट करा दिया।

प्रशासन की टीमें प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और उनकी बुनियादी जरूरतों पर लगातार निगरानी रख रही हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए रखते हुए आवश्यक होने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्रवाई की जा रही है।

आपात स्थिति में कंट्रोल रूम से करें संपर्क

भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को उफनती नदियों और नालों, निचले इलाकों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

किसी भी आपात स्थिति या जलभराव की सूचना देने के लिए जिला कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 07781-252214 पर संपर्क किया जा सकता है।

सम्बन्धित खबरें