अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक विरासत का अनूठा प्रदर्शन, दुर्लभ पांडुलिपियां और ताम्रपत्र बने आकर्षण

  • Admin
  • Nov 22, 2026
  • 0 views

भारत मंडपम के छत्तीसगढ़ पवेलियन में कल्चुरि कालीन औषधीय ग्रंथों से लेकर 1735 के ताम्रपत्र और स्वतंत्रता सेनानी पं. सुंदरलाल शर्मा की हस्तलिखित जेल पत्रिका तक प्रदर्शित

आचार्य रमेंद्रनाथ मिश्र के संग्रह से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत से रूबरू हो रहे दर्शक

रायपुर, 22 नवंबर 2026।

भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) द्वारा आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। नई दिल्ली के भारत मंडपम के हॉल नंबर 4 के प्रथम तल पर 1,000 वर्गमीटर क्षेत्र में स्थापित छत्तीसगढ़ पवेलियन में राज्य के पुरातत्व विभाग द्वारा दुर्लभ पांडुलिपियों, ताम्रपत्रों और ऐतिहासिक अभिलेखों का प्रदर्शन किया जा रहा है। आचार्य रमेंद्रनाथ मिश्र के संग्रह से जुड़ी ये धरोहरें दर्शकों को छत्तीसगढ़ के गौरवशाली अतीत से परिचित करा रही हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 20 नवंबर को भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए और छत्तीसगढ़ पवेलियन का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब बदल रही है। जिस बस्तर और छत्तीसगढ़ की चर्चा कभी नक्सलवाद और चुनौतियों के संदर्भ में होती थी, आज वही प्रदेश अपनी समृद्ध जनजातीय विरासत, जीवंत लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की नई संभावनाओं के साथ देश-दुनिया में नई पहचान बना रहा है। व्यापार मेले में प्रदर्शित छत्तीसगढ़ का स्वरूप इसी बदलते दौर की कहानी बयां कर रहा है। यहां परंपरा और आधुनिकता, विरासत और विकास तथा स्थानीय हुनर और आर्थिक संभावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।

कल्चुरि कालीन पांडुलिपियां और ऐतिहासिक ताम्रपत्र प्रमुख आकर्षण

प्रदर्शनी में कल्चुरि काल की औषधीय पांडुलिपियां और ताम्रपत्र प्रदर्शित किए गए हैं। रतनपुर के कल्चुरि काल में रचित 'खूब तमाशा' और 'नासकेत' नामक औषधीय पांडुलिपियां विशेष महत्व रखती हैं। इसके साथ ही रायपुर के कल्चुरि राजवंश के अंतिम शासक अमर सिंह देव द्वारा वर्ष 1735 में जारी किया गया ताम्रपत्र भी रखा गया है, जो क्षेत्र के राजनीतिक और प्रशासनिक इतिहास का महत्वपूर्ण साक्ष्य है।

गढ़ामंडल की वीरांगना रानी दुर्गावती के युग से संबंधित स्वर्णाक्षरित दुर्लभ पांडुलिपि भी प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण है। रामायण विषयक दुर्लभ पांडुलिपि के साथ गोस्वामी तुलसीदास की शिष्य परंपरा से संबंधित सुषेनदास महाराज की दुर्लभ पांडुलिपि भी यहां प्रदर्शित की गई है।

1858 की पांडुलिपि में दर्ज है छत्तीसगढ़ का इतिहास

प्रदर्शनी में बाबू रेवाराम कायस्थ पंडित द्वारा वर्ष 1858 में लिखित 'तवारीख-ए-हैहैय राजाओं की' भी शामिल है। इसे छत्तीसगढ़ के इतिहास की पहली पांडुलिपि माना जाता है। बाबू रेवाराम छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित इतिहासकार, कवि और विद्वान थे। उन्होंने रतनपुर (बिलासपुर जिला) को अपनी कर्मभूमि बनाया था। इस ग्रंथ में छत्तीसगढ़ के हैहैयवंशी (कल्चुरि) राजाओं के इतिहास और उनके शासनकाल से जुड़ी महत्वपूर्ण एवं प्रामाणिक जानकारियां मिलती हैं। यह दस्तावेज क्षेत्रीय और राजवंशीय अध्ययन के लिए विशेष महत्व रखता है।

इसके अलावा ग्वालियर के महाराजा दौलतराव सिंधिया के शासनकाल की मोड़ी लिपि में हस्तलिखित कर संबंधी सनद भी प्रदर्शित की गई है। यह तत्कालीन राजस्व और प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी उपलब्ध कराती है।

प्रथम विश्वयुद्ध से पहले की आर्थिक स्थिति का दस्तावेज

बिलासपुर के प्रतिष्ठित नागरिक पंडित रघुवंशनाथ ठाकुर द्वारा हस्तलिखित व्यय विवरणिका भी प्रदर्शनी में रखी गई है। पंडित ठाकुर ने ई. राघवेंद्र राव का मार्गदर्शन किया था, जो आगे चलकर मध्य प्रांत और बरार के मुख्यमंत्री/गवर्नर बने।

प्रथम विश्वयुद्ध से ठीक पहले, वर्ष 1913 के आसपास तैयार की गई यह व्यय विवरणिका छत्तीसगढ़ की तत्कालीन आर्थिक और वित्तीय स्थिति पर प्रकाश डालती है। इसमें उस समय की आर्थिक व्यवस्था, दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली वस्तुओं के मूल्य और वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी जानकारियां दर्ज हैं। यह दस्तावेज बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ अंचल के आर्थिक इतिहास को समझने का महत्वपूर्ण स्रोत है।

पं. सुंदरलाल शर्मा की हस्तलिखित जेल पत्रिका भी प्रदर्शित

प्रदर्शनी में देश की एकमात्र जेल पत्रिका मानी जाने वाली द्विमासिक एवं सचित्र 'श्रीकृष्ण जन्मस्थान समाचार पत्र' की मूल प्रति भी रखी गई है। इसे भारत की पहली हस्तलिखित जेल पत्रिका माना जाता है। इसका संपादन और प्रकाशन छत्तीसगढ़ के गांधी कहे जाने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित सुंदरलाल शर्मा ने वर्ष 1921-22 (कुछ संदर्भों में 1922-23) में रायपुर जेल में रहते हुए किया था।

असहयोग आंदोलन के दौरान जेल में बंद रहने के समय उन्होंने इस अनूठी सचित्र और द्विमासिक पत्रिका के कुल छह अंक तैयार किए थे। इसमें अंग्रेजों और जेल अधिकारियों द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा कैदियों के साथ किए जाने वाले दुर्व्यवहार, अमानवीय व्यवहार और जेल के भीतर की कठोर परिस्थितियों का सजीव वर्णन किया गया था। इसके साथ ही दुर्लभ चित्रित पांडुलिपियां भी प्रदर्शित की गई हैं।

ज्ञान भारतम मिशन से प्राचीन विरासत के संरक्षण को बढ़ावा

प्रदर्शनी के संदर्भ में बताया गया है कि केंद्र सरकार के ज्ञान भारतम मिशन के तहत प्राचीन पांडुलिपियों की खोज, सर्वेक्षण, सूचीकरण, संरक्षण, संवर्धन और डिजिटलीकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य भारत की विशाल हस्तलिखित विरासत को सामने लाना, उसकी रक्षा करना और उसे आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाना है।

विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप यह पहल सांस्कृतिक संरक्षण को मानव पूंजी विकास के साथ जोड़ने का प्रयास है, ताकि भारत का प्राचीन ज्ञान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहे।

27 नवंबर तक चलेगा अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला

भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) द्वारा आयोजित 45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 13 से 27 नवंबर 2026 तक चलेगा। इस आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ अपनी प्राचीन विरासत और आधुनिक विकास की तस्वीर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रहा है।

भारत मंडपम के हॉल नंबर 4 के प्रथम तल पर 1,000 वर्गमीटर क्षेत्र में स्थापित छत्तीसगढ़ पवेलियन में ऐतिहासिक धरोहरों के साथ प्रदेश की पारंपरिक कला, शिल्प, स्थानीय उत्पादों और विकास की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। पवेलियन का स्टॉल नंबर 4F-03-A है।

सम्बन्धित खबरें