कांकेर में जनजातीय गौरव दिवस: भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के लिए 10 और सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख रुपये की घोषणा

  • Admin
  • Nov 21, 2026
  • 9,634 views

उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने किया जनजातीय समाज के योगदान को नमन, शिक्षा, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर दिया जोर

सांसद भोजराज नाग की अध्यक्षता में आयोजित हुआ जिला स्तरीय समारोह, विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी देने लगाए स्टॉल

कांकेर, 21 नवंबर 2026। 

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय कांकेर में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग ने अध्यक्षता की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने उदय नगर के बिरसा मुंडा चौक में भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने के लिए 10 लाख रुपये और सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आदिवासी समाज के आंगादेव की परंपरानुसार पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। समारोह में कांकेर विधायक आशाराम नेताम, अंतागढ़ विधायक विक्रम देव उसेंडी, बस्तर संभाग गोंडवाना समाज के अध्यक्ष सुमेर सिंह नाग सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे।

भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को किया याद

मुख्य अतिथि अरुण साव ने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, त्याग, तपस्या और संघर्ष का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के एक गरीब परिवार में जन्मे भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध आंदोलन का नेतृत्व कर जनजातीय समाज को एकजुट किया। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों तथा आदिवासी समाज के हितों के लिए संघर्ष किया। उनका योगदान और बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।

उन्होंने छत्तीसगढ़ के वीर शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और शहीद गैंदसिंह के योगदान का भी उल्लेख किया। साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की, ताकि देश के जनजातीय नायकों के योगदान, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं को राष्ट्रीय पहचान मिल सके।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय समाज के उत्थान और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पीएम जनमन योजना और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के माध्यम से विशेष रूप से जनजातीय समुदायों को लाभान्वित किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों से जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं को प्रोत्साहन मिल रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनजातीय समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस अवसर पर उन्होंने जिले की प्रमुख विभूतियों और प्रतिभावान व्यक्तित्वों को सम्मानित भी किया।

शिक्षा और नशामुक्ति से मजबूत होगा समाज: सांसद भोजराज नाग

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सांसद भोजराज नाग ने कहा कि जनजातीय समाज ने देश की संस्कृति, रीति-रिवाजों और परंपराओं को सहेजने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। भगवान बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही समाज और देश के हित में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने समाज में शिक्षा के प्रसार और नशामुक्ति की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इन चुनौतियों को दूर करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

उन्होंने पीएम जनमन योजना, बस्तर पंडुम, बस्तर ओलंपिक सहित शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समाज के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। साथ ही धान खरीदी के संबंध में शासन की मंशा बताते हुए कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी

कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने भगवान बिरसा मुंडा के समाजहित में किए गए कार्यों और उनके बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि हमारी पहचान हमारी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक विरासत से है। इन्हें अपनाने और अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, आवास सहित विभिन्न विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से जनजातीय बहुल क्षेत्रों में विकास और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

अंतागढ़ विधायक विक्रम देव उसेंडी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया तथा जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की समाप्ति के बाद बस्तर क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुली हैं। राज्य सरकार जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उसके सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से शिक्षा, जागरूकता और एकजुटता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

बस्तर संभाग गोंडवाना समाज के अध्यक्ष सुमेर सिंह नाग और महेश जैन ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और जनजातीय समाज के लिए उनके योगदान को याद करते हुए सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं के संरक्षण का महत्व बताया।

आधुनिक तकनीक से जुड़ें जनजातीय युवा: कलेक्टर कुन्दन कुमार

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान को याद करते हुए देशभर में विकासखंड स्तर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। भारत सरकार और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समाज के उत्थान और विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों का है। ऐसे में जनजातीय समाज के युवाओं और युवतियों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर शिक्षा, कौशल और रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार करना आवश्यक है। जिला प्रशासन इस दिशा में प्रयास कर रहा है, ताकि जिले के युवा बदलते समय के साथ कदम मिलाकर विकास की मुख्यधारा में अपनी सशक्त भागीदारी निभा सकें।

कलेक्टर ने जनजातीय समाज की आस्था, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए समाज के सभी पेन-पूजारी, गायता और देवी-देवताओं को नमन किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति और परंपराएं अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण के साथ शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और विकास के नए अवसर अपनाकर समाज को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।

विभिन्न विभागों ने लगाए जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की योजनाओं और गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए। इनमें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आदिवासी विकास, स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, वन एवं जलवायु परिवर्तन, कृषि, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, समाज कल्याण, उद्यानिकी और पशुधन विकास विभाग शामिल रहे। इन स्टॉलों के माध्यम से जनजातीय समाज के लोगों को शासन की योजनाओं, सुविधाओं और विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, उपाध्यक्ष तारा ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, उपाध्यक्ष उत्तम यादव, सतीश लाटिया, महेश जैन, पूर्व सांसद मनोज मंडावी, पूर्व विधायक देवलाल दुग्गा एवं सुमित्रा मारकोले, धमतरी की पूर्व विधायक रंजना साहू, आलोक ठाकुर, देवेंद्र टेकाम, ईश्वर कावड़े, राजेश भास्कर, देवेंद्र माहला, दिलीप जायसवाल, कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा और जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी सहित जनप्रतिनिधि, जनजातीय समाज के प्रतिनिधि तथा जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें