अहिवारा के कॉलेज में जीवित रहेगी ‘गुरुजी’ की विरासत, डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के नाम पर होगा नामकरण

  • Admin
  • Nov 05, 2026
  • 4,573 views

सरल व्यक्तित्व, मृदुभाषी स्वभाव और जनसेवा की प्रतिबद्धता ने बनाया था जनता के बीच खास स्थान :CM 


 

  दुर्ग-5 नवंबर 2026|  दुर्ग जिले के भिलाई-3 में गुरुवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अहिवारा के दिवंगत विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके जनसेवा के योगदान को याद किया। इस दौरान उन्होंने अहिवारा स्थित शासकीय महाविद्यालय का नामकरण डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के नाम पर करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहा ‘गुरुजी’ का जीवन आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।
राजनीतिक और सामाजिक जीवन को अपूरणीय क्षति
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डोमन लाल कोर्सेवाड़ा का निधन छत्तीसगढ़ के राजनीतिक और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सरल, सहज, मृदुभाषी और मिलनसार जनप्रतिनिधि थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाजसेवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। विशेष रूप से अनुसूचित जाति समाज के विकास, सामाजिक सशक्तीकरण और क्षेत्र की प्रगति में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
‘गुरुजी’ संबोधन में छिपा था जनता का विश्वास
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग उन्हें आत्मीयता से ‘गुरुजी’ कहकर पुकारते थे। यह संबोधन उनके प्रति समाज के सम्मान, विश्वास और आत्मीय जुड़ाव का प्रतीक था। अपने व्यवहार और कार्यों से उन्होंने लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया। जनसेवा के प्रति उनकी निष्ठा और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की भावना नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
हैदराबाद में उपचार के दौरान भी लिया था हालचाल
मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक के साथ जुड़े आत्मीय प्रसंग साझा करते हुए बताया कि जब कोर्सेवाड़ा उपचार के लिए हैदराबाद में भर्ती थे, तब उन्होंने स्वयं फोन कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को भी हैदराबाद जाकर उनका हालचाल जानने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी को उनके स्वस्थ होकर लौटने की उम्मीद थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। उनका निधन सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक है।
महाविद्यालय के नाम से सहेजी जाएगी जनसेवा की विरासत
साय ने कहा कि कोर्सेवाड़ा ने जनप्रतिनिधि के रूप में हमेशा क्षेत्र के विकास और आम लोगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी। उनकी स्मृतियों और जनसेवा की विरासत को स्थायी पहचान देने के लिए अहिवारा के शासकीय महाविद्यालय का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा। यह प्रदेश सरकार और क्षेत्र की जनता की ओर से उनके प्रति सम्मानपूर्ण श्रद्धांजलि होगी।
श्रद्धांजलि सभा में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और जगदलपुर विधायक किरण देव ने भी कोर्सेवाड़ा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर, जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक, कलेक्टर अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। सभी ने दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित कर समाज और क्षेत्र के लिए उनके योगदान को नमन किया।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।