न्यायपालिका की ताकत स्वतंत्रता, जवाबदेही और समय पर न्याय में निहित : राष्ट्रपति मुर्मु

  • Admin
  • Nov 26, 2026
  • 4,365 views

 

नई दिल्ली | 26 नवंबर 2026 , नई दिल्ली में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर भारत के उच्चतम न्यायालय द्वारा आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि न्यायिक स्वतंत्रता और न्यायिक जवाबदेही का संतुलित समन्वय न्यायपालिका की भूमिका को और मजबूत बनाता है। समय पर न्याय मिलना न्याय की अवधारणा का अनिवार्य हिस्सा है, वहीं समावेशिता और योग्यता पर अधिक बल देकर न्यायपालिका को और सशक्त बनाया जा सकता है।

संविधान के आदर्शों को स्मरण करने का दिन

राष्ट्रपति ने संविधान दिवस पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारत के लोगों ने संविधान को अंगीकृत किया था। वर्ष 2015 में संविधान के प्रमुख शिल्पकार डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के शुभ अवसर पर 26 नवंबर को प्रतिवर्ष संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। यह दिन संविधान के महान शिल्पकार और संविधान में निहित आदर्शों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करने का अवसर है।

बदलते दौर में न्यायपालिका ने कायम रखे न्याय के मूल आदर्श

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के गणतंत्र की गौरवशाली यात्रा में उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालयों तथा जिला और निचली अदालतों का अमूल्य योगदान रहा है। बीते दशकों में जीवन के अनेक क्षेत्रों में अभूतपूर्व बदलाव हुए हैं। प्रौद्योगिकी और मीडिया का प्रभाव लगातार व्यापक और गहरा होता जा रहा है। बदलती परिस्थितियों और अपेक्षाओं के अनुरूप भूमिका निभाते हुए न्यायपालिका ने न्याय के मूल आदर्शों को सुदृढ़ बनाए रखा है।

उन्होंने कहा कि भारत की न्यायपालिका ने समय-समय पर न्यायिक जवाबदेही पर विशेष बल देकर संविधान निर्माताओं के आदर्शों को साकार करने में योगदान दिया है। न्यायिक स्वतंत्रता और जवाबदेही का समन्वय न्यायपालिका की भूमिका को अधिक प्रभावी और सशक्त बनाता है।

लंबित मामलों का बोझ बड़ी चुनौती, समय पर न्याय जरूरी

राष्ट्रपति ने कहा कि न्याय की अवधारणा में समय पर न्याय मिलना अनिवार्य है। न्याय को समयबद्ध तरीके से सुलभ बनाने के लिए न्यायपालिका प्रक्रियाओं को सरल कर रही है, प्रौद्योगिकी का उपयोग बढ़ा रही है और विशेष न्यायालयों का गठन कर रही है। हालांकि, इन प्रयासों के बावजूद लंबित मामलों की बड़ी संख्या न्याय व्यवस्था के सामने चुनौती बनी हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि न्यायपालिका के सभी स्तरों पर किए जा रहे प्रयास इस चुनौती से निपटने में सफल होंगे।

आर्थिक मजबूरी न्याय पाने में बाधा न बने

राष्ट्रपति ने कहा कि प्रत्येक नागरिक के पास उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय तक पहुंचने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं होते। संविधान का निर्देश है कि नि:शुल्क कानूनी सहायता के माध्यम से समान अवसर के आधार पर न्याय उपलब्ध कराया जाए, ताकि आर्थिक अथवा अन्य विवशताओं के कारण कोई नागरिक न्याय पाने के अवसर से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र की वास्तविक प्रगति इस बात में है कि प्रत्येक नागरिक को आगे बढ़ने और सफल होने के समान अवसर मिलें। हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक समान पहुंच मिलना महत्वपूर्ण है। गरीब और वंचित वर्गों के लोगों को कानूनी पैरवी की गुणवत्ता और विश्वसनीयता भी सुनिश्चित करनी होगी। जिला, राज्य और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरणों को कमजोर तथा वंचित वर्गों तक न्याय पहुंचाने के लिए और अधिक प्रयास करने चाहिए।

विधिक शिक्षा में नैतिकता और संवेदनशीलता जरूरी

राष्ट्रपति ने कहा कि विधिक शिक्षा में कानूनों के अध्ययन के साथ समानुभूति और नैतिकता को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए। विधि क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियों को युवा अधिवक्ताओं के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करने चाहिए। युवा वकीलों को यह समझना चाहिए कि कानूनी पेशे में उत्कृष्टता के साथ समानुभूति और दक्षता के साथ करुणा का समन्वय संभव है।

न्यायपालिका में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

राष्ट्रपति ने कहा कि न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं के रूप में महिलाओं की व्यापक और सक्रिय भागीदारी समाज को अधिक निष्पक्ष, न्यायपूर्ण, समतामूलक और समावेशी बनाएगी। न्यायिक निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं का दृष्टिकोण विविधता, समावेशिता और संतुलन को बढ़ावा दे सकता है। उन्होंने न्यायपालिका में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि समावेशिता और योग्यता पर अधिक जोर हमारी न्यायपालिका को और सशक्त बनाएगा।

कमजोर वर्गों के मामलों को प्राथमिकता देने की सराहना

राष्ट्रपति ने उच्चतम न्यायालय की उन पहलों की सराहना की, जिनके तहत दिव्यांगजनों, एसिड हमले के पीड़ितों, 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले लोगों के मामलों को प्राथमिकता देकर न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने मामलों के अधिक प्रभावी प्रबंधन और सूचीबद्धता, डिजिटल परिवर्तन को प्रोत्साहित करने तथा विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी महत्वपूर्ण बताया।

 

सम्बन्धित खबरें