संविधान लोकतंत्र की अनमोल धरोहर, विकसित भारत के संकल्प में बनेगा मार्गदर्शक: पीएम मोदी

  • Admin
  • Nov 26, 2026
  • 16,797 views

 

संविधान दिवस पर बाबासाहेब डॉ. अंबेडकर और संविधान सभा के महान सदस्यों को प्रधानमंत्री ने किया नमन

संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई, संस्कृत सुभाषित भी साझा किया

नई दिल्ली | 26 नवंबर 2026

संविधान दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर और संविधान सभा के सभी महान सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने संविधान को भारतीय लोकतंत्र की अमूल्य विरासत बताते हुए कहा कि यह विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में देश का निरंतर मार्गदर्शन करता रहेगा।

संविधान के मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प

प्रधानमंत्री ने संविधान दिवस को संविधान निर्माताओं को नमन करने और संविधान में निहित मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ करने के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का विशेष अवसर बताया। उन्होंने कहा कि संविधान के रूप में संविधान सभा की महान विभूतियों ने देश को जो सौगात दी है, वह भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है। यह विरासत राष्ट्र को विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा और दिशा देती रहेगी।

संस्कृत सुभाषित के जरिए स्थायी सिद्धांतों का संदेश

प्रधानमंत्री ने संविधान दिवस के संदेश के साथ एक संस्कृत सुभाषित भी साझा किया। यह सुभाषित बताता है कि विद्वानों द्वारा सामूहिक विचार-विमर्श के बाद तय किए गए नीति-सिद्धांत और सुविचारित निर्णय स्थायी होते हैं तथा समय के साथ विलीन नहीं होते।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपने संदेश में लिखा :

“सभी देशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।

इस पावन अवसर पर पूज्य बाबासाहेब एवं संविधान सभा की समस्त महान विभूतियों को मेरा नमन और वंदन।

संविधान के रूप में उनके द्वारा दी गई सौगात भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है, जो विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी।

संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! यह दिन हमारे संविधान के निर्माताओं को नमन करने तथा संविधान में निहित मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का एक विशेष अवसर है।”

उन्होंने इसके साथ यह संस्कृत सुभाषित साझा किया :

बहुधा बहुभिः सार्धं चिन्तिताः सुनिरूपिताः।

कथञ्चिन्न विलीयन्ते विद्वद्भिश्चिन्तिता नयाः॥

भावार्थ : विद्वानों द्वारा अनेक लोगों के साथ गहन विचार-विमर्श कर सुविचारित और सुव्यवस्थित ढंग से निर्धारित नीतियां एवं सिद्धांत कभी नष्ट नहीं होते, बल्कि लंबे समय तक स्थायी बने रहते हैं।

सम्बन्धित खबरें