सेवा सेतु ने आसान किया विवाह प्रमाण पत्र का सफर, कोण्डागांव में 1579 से अधिक हितग्राहियों को मिला लाभ

  • Admin
  • Oct 08, 2026
  • 9,839 views

2002 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त, 1579 से अधिक का हुआ निराकरण; गांव में ही प्रमाण पत्र मिलने से बचा समय, श्रम और आने-जाने का खर्च

कोण्डागांव, 08 अक्टूबर 2026।

डिजिटल सुशासन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा नागरिक सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का असर अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखाई दे रहा है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विवाह प्रमाण पत्र जैसी महत्वपूर्ण सेवा ऑनलाइन उपलब्ध होने से ग्रामीणों को अब इसके लिए बार-बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही है।

सेवा सेतु के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने के बाद निर्धारित प्रक्रिया और समय-सीमा में विवाह प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे ग्रामीणों के समय, श्रम और आने-जाने के खर्च की बचत हो रही है।

2002 आवेदन में 1579 से अधिक का निराकरण

जिला प्रबंधक चिप्स से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से कोण्डागांव जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से विवाह प्रमाण पत्र के लिए अब तक कुल 2002 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 1579 से अधिक आवेदनों का निराकरण करते हुए हितग्राहियों के विवाह प्रमाण पत्र तैयार कर उपलब्ध कराए जा चुके हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में आवेदकों को विवाह प्रमाण पत्र ग्राम पंचायत सचिवों के माध्यम से वितरित किए जा रहे हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों में पूर्व की व्यवस्था के अनुसार नगर पालिका एवं नगर पंचायत के रजिस्ट्रार कार्यालयों के माध्यम से विवाह प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे हैं।

तीन दिन में सांगीलाल और आरती को मिला प्रमाण पत्र

सेवा सेतु की सुविधा का लाभ ग्राम लंजोड़ा सल्फीपदर निवासी सांगीलाल नेताम और आरती नेताम को भी मिला। उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया और महज तीन दिन के भीतर विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिया।

उन्होंने बताया कि गांव में ही विवाह प्रमाण पत्र बन जाने से उन्हें काफी राहत मिली। उन्हें प्रमाण पत्र के लिए अनावश्यक रूप से दूर स्थित शासकीय कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ी।

मुकेश को गांव में ही मिला विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र

जनपद पंचायत केशकाल के ग्राम खुटपदर निवासी मुकेश कुमार नेताम और उनकी पत्नी मेहतरीन नेताम ने भी सेवा सेतु के माध्यम से इस सुविधा का लाभ लिया।

विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र की आवश्यकता होने पर उन्होंने पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बाद आवेदन का निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन किया गया और उन्हें विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया।

दिव्यांग विक्रम के लिए अटल डिजिटल सेवा केंद्र बना सहारा

ग्राम बड़ेकनेरा निवासी विक्रम सिंह कश्यप ने भी सेवा सेतु के माध्यम से अपना विवाह प्रमाण पत्र बनवाया। दिव्यांग होने के कारण उनके लिए जिला मुख्यालय तक आना-जाना कठिन था। ऐसे में गांव में स्थापित अटल डिजिटल सेवा केंद्र उनके लिए काफी उपयोगी साबित हुआ।

उन्होंने आवश्यक दस्तावेज केंद्र में जमा किए और लगभग एक सप्ताह के भीतर विवाह प्रमाण पत्र तैयार होकर उन्हें मिल गया।

विक्रम सिंह कश्यप ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि दिव्यांग होने के कारण जिला मुख्यालय आना-जाना उनके लिए मुश्किल होता है। गांव में ही अटल डिजिटल सेवा केंद्र की सुविधा मिलने से उनका काम आसानी से हो गया। उन्होंने सेवा सेतु जैसी सुविधा को ग्रामीणों के लिए उपयोगी और राहत देने वाली पहल बताया।

गांव के करीब पहुंची सरकारी सेवाएं

सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विवाह प्रमाण पत्र सहित विभिन्न नागरिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध होने से ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है। ऑनलाइन आवेदन, सत्यापन और प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया से नागरिकों का समय, श्रम और आने-जाने का खर्च बच रहा है।

ग्राम पंचायत सचिवों के माध्यम से प्रमाण पत्र वितरित किए जाने से ग्रामीणों को उनके गांव में ही सेवा का लाभ मिल रहा है।

सेवा सेतु पोर्टल और अटल डिजिटल सेवा केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सुशासन और जनसुविधा के प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। जिले के नागरिक भी डिजिटल माध्यम से शासकीय सेवाओं का लाभ लेने के लिए तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इससे शासन की सेवाएं कार्यालयों से निकलकर लोगों के घरों के नजदीक और गांवों तक पहुंच रही हैं तथा सुशासन की अवधारणा को जमीनी स्तर पर मजबूती मिल रही है।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।