जनसेवा के समर्पित चेहरे डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को जनप्रतिनिधियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

  • Admin
  • Nov 05, 2026
  • 3,291 views

 

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और सांसद विजय बघेल ने गृह ग्राम भेंड्रा पहुंचकर अर्पित किए पुष्प

 शोकाकुल परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस

 

 बालोद , 5 नवंबर 2026। बालोद जिले के भेंड्रा गांव में बुधवार को दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर जनसेवा में उनके योगदान को याद किया और शोक संतप्त परिवार से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं।
जनसेवा और आत्मीय व्यवहार को किया याद
श्रद्धांजलि सभा में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, सतनामी समाज की गुरु दीदी प्रियंका और पूर्व विधायक सांवलाराम डाहरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन समाज और जनजीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान, जनसेवा के प्रति समर्पण और आम लोगों से आत्मीय जुड़ाव सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका सरल व्यवहार, स्नेह और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता लोगों के हृदय में हमेशा बनी रहेगी।
परिजनों को दिया संबल
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने इस कठिन समय में परिजनों को ढांढस बंधाते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, नगर पालिका दल्लीराजहरा के अध्यक्ष तोरन लाल साहू, नगर पंचायत गुण्डरदेही के अध्यक्ष प्रमोद जैन और कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल रहे।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।