बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, 23 अक्टूबर को जगदलपुर में होगा ऐतिहासिक आयोजन

  • Admin
  • Oct 22, 2026
  • 19,015 views

 

लालबाग मैदान में दोपहर 12:45 बजे कार्यक्रम; राज्यपाल रमेन डेका करेंगे अध्यक्षता

 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित केंद्र और राज्य के कई मंत्री व जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद

न्यूज डेस्क। बस्तर की विशिष्ट जनजातीय संस्कृति और सदियों पुरानी परंपराओं को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिलने जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 23 अक्टूबर को जगदलपुर में बस्तर दशहरा उत्सव के प्रमुख आयोजन मुरिया दरबार में शामिल होंगी। लालबाग मैदान में दोपहर 12:45 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका अध्यक्षता करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति की उपस्थिति से बस्तर की सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष महत्व मिलने की उम्मीद है।
केंद्र और राज्य के कई मंत्री होंगे शामिल
कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव भी उपस्थित रहेंगे।
बस्तर के सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर के विधायक किरण सिंह देव, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप और महापौर संजय पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी आयोजन में शामिल होंगे।
जनजातीय आस्था और जनभागीदारी का प्रतीक है मुरिया दरबार
बस्तर दशहरा अपनी अनूठी परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए देश-दुनिया में पहचान रखता है। यह उत्सव बस्तर की जनजातीय संस्कृति, आस्था और सामुदायिक सहभागिता का प्रतीक है। मुरिया दरबार इस आयोजन की प्रमुख परंपराओं में शामिल है, जिसमें क्षेत्र की पारंपरिक व्यवस्था और जनभागीदारी की झलक मिलती है। राष्ट्रपति की मौजूदगी से इस विशिष्ट सांस्कृतिक आयोजन को व्यापक पहचान मिलने के साथ बस्तर की विरासत को राष्ट्रीय पटल पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

सम्बन्धित खबरें