धूमा से शुरू हुई बेटियों के सम्मान की नई पहल, 6,671 स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय

  • Admin
  • Oct 03, 2026
  • 3,443 views

धमतरी, 03 अक्टूबर 2026

गांधी जयंती पर ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान को मिली नई रफ्तार, धूमा में प्रदेश के प्रथम बालिका शौचालय का उद्घाटन

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर स्वच्छता, स्वास्थ्य और बेटियों के सम्मान का संदेश देते हुए धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड की ग्राम पंचायत धूमा में ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के अंतर्गत प्रदेश के प्रथम बालिका शौचालय का उद्घाटन किया गया। विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत निर्मित यह शौचालय राज्य में संचालित अभियान को जमीनी स्तर पर साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

गुलाबी रंग से सजे नव-निर्मित बालिका शौचालय के उद्घाटन के दौरान छोटी बच्चियों ने हाथों में स्वच्छता, सुरक्षा और बेटियों के सम्मान का संदेश लिखी तख्तियां लेकर जागरूकता का संदेश दिया। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और बच्चों की सहभागिता ने गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

6 अगस्त से शुरू हुआ ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 6 अगस्त 2026 को वीबी-जी राम जी के अंतर्गत राज्यव्यापी ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान का शुभारंभ किया था। यह अभियान 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक संचालित किया जा रहा है।

अभियान के तहत प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के 6,671 शासकीय विद्यालयों में लगभग 286.85 करोड़ रुपए की लागत से बालिका शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण विद्यालयों में पढ़ने वाली बालिकाओं को सुरक्षित और स्वच्छ शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता और गरिमा के अनुकूल वातावरण तैयार करना है।

निर्माण से उद्घाटन तक धूमा में होती रही लगातार निगरानी

धूमा में निर्मित बालिका शौचालय एक दिन में तैयार हुई पहल नहीं है। विकसित भारत-जी राम जी के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने कुरूद विकासखंड के भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत धूमा पहुंचकर शौचालय निर्माण कार्य का मैदानी निरीक्षण किया था।

उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेने के साथ ही कार्य में लगे श्रमिकों से मजदूरी भुगतान की जानकारी ली थी। साथ ही अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए थे। करीब एक महीने बाद गांधी जयंती के अवसर पर शौचालय का उद्घाटन अभियान के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने की दिशा में हुई प्रगति को दर्शाता है।

26 जनवरी 2027 तक हर स्कूल में बालिका शौचालय का लक्ष्य

‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के तहत शासन का लक्ष्य 26 जनवरी 2027 तक राज्य के हर स्कूल में बालिकाओं के लिए शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से ग्रामीण विद्यालयों में बेटियों के लिए स्वच्छता, सुरक्षा, स्वास्थ्य और गरिमा से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

सम्बन्धित खबरें