दीपावली पर बिजली आपूर्ति निर्बाध रखने के लिए एमपी ट्रांसको अलर्ट, 418 सबस्टेशनों पर रहेगी विशेष निगरानी पीक लोड के दौरान सभी 418 एक्स्ट्रा हाई टेंशन सबस्टेशनों पर तैनात होंगे अधिकारी; मेंटेनेंस टीमें, वाहन और जरूरी सामग्री रखी जाएगी तैयार

  • Admin
  • Nov 09, 2026
  • 1 views

भोपाल, 7 नवंबर 2026।

दीपावली के रोशनी भरे पर्व पर मध्यप्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने विशेष तैयारियां की हैं। संभावित पीक लोड को देखते हुए प्रदेशभर में ट्रांसमिशन लाइनों और एक्स्ट्रा हाई टेंशन (ईएचटी) सबस्टेशनों की निगरानी बढ़ाई गई है। मेंटेनेंस टीमें, वाहन और जरूरी सामग्री अलर्ट मोड में रहेंगे।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि एमपी ट्रांसको की मेंटेनेंस टीमें सामान्य दिनों में भी चौबीसों घंटे अलर्ट रहकर विद्युत पारेषण व्यवस्था की निगरानी और रखरखाव करती हैं। दीपावली के दौरान बिजली की संभावित अधिक मांग को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सतर्कता और विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

37 मेंटेनेंस मुख्यालयों में सहायक अभियंता स्तर के अधिकारी रहेंगे उपलब्ध

प्रदेश में एमपी ट्रांसको के 37 ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस मुख्यालय, 12 डिवीजन और 4 ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस सर्कल कार्यरत हैं। सभी 37 मेंटेनेंस मुख्यालयों में सहायक अभियंता स्तर के अधिकारी उपलब्ध रहेंगे।

इसके साथ ही प्रदेश के सभी 418 एक्स्ट्रा हाई टेंशन सबस्टेशनों पर पीक लोड अवधि के दौरान कम से कम जूनियर इंजीनियर स्तर के अधिकारी की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। इससे सबस्टेशनों की निगरानी और किसी भी समस्या पर तत्काल कार्रवाई की जा सकेगी।

पूल व्हीकल में उपलब्ध रहेंगी मेंटेनेंस टीमें

ऊर्जा मंत्री तोमर ने बताया कि जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई के लिए सबस्टेशनों के बीच पूल व्हीकल की व्यवस्था की गई है। इन वाहनों में मेंटेनेंस टीमें उपलब्ध रहेंगी, ताकि आवश्यकता वाले स्थान पर उन्हें न्यूनतम समय में पहुंचाया जा सके।

ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस के सभी वाहन भी अलर्ट मोड में रहेंगे। इनमें जरूरी मेंटेनेंस सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल सुधार कार्य शुरू किया जा सके।

220 केवी सबस्टेशनों से क्षेत्रीय निगरानी

विद्युत पारेषण व्यवस्था की क्षेत्रीय निगरानी को मजबूत बनाने के लिए 220 केवी सबस्टेशनों को भी मॉनिटरिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। इसके अलावा जबलपुर स्थित स्काडा कंट्रोल सेंटर और स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एसएलडीसी) में वरिष्ठ अधिकारी लगातार विद्युत व्यवस्था पर नजर रखेंगे।

किसी भी व्यवधान पर होगी त्वरित कार्रवाई

एमपी ट्रांसको की इस बहुस्तरीय निगरानी व्यवस्था का उद्देश्य बिजली पारेषण प्रणाली को दीपावली के दौरान पूरी तरह सतर्क और तैयार रखना है। इससे बिजली आपूर्ति में संभावित व्यवधान की जानकारी मिलते ही उसका संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी। कंपनी ने पीक लोड अवधि में निर्बाध विद्युत पारेषण सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों, मेंटेनेंस टीमों और संसाधनों को विशेष रूप से तैयार रखा है।

सम्बन्धित खबरें