झाबुआ – ‘आधा गिलास पानी अभियान’ के तहत हज़ारों प्रतिभागियों ने ली सामूहिक जल शपथ

  • Admin
  • Nov 16, 2026
  • 6,554 views

झाबुआ (16 नवंबर, 2026)।

जनजातीय नायक, स्वतंत्रता सेनानी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के “जल, जंगल, जमीन हमारा है, हम ही इसकी रक्षा करेंगे!” के अमर संदेश को चरितार्थ करते हुए उनकी पावन धरा झाबुआ के शारदा समूह ने सोमवार को जल संरक्षण के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचा। शारदा समूह, झाबुआ एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वाधान में केशव इंटरनेशनल स्कूल, बाडकुआँ प्रांगण में ‘आधा गिलास पानी – जल संरक्षण अभियान’ का आयोजन हुआ। पानी की बर्बादी रोकने, विद्यार्थियों में जल संरक्षण की जिम्मेदारी विकसित करने, परिवार और समाज में जागरूकता बढ़ाने तथा आवश्यकता अनुसार पानी लेने की आदत बनाने के उद्देश्यों को लेकर आयोजित कार्यक्रम में हज़ारों प्रतिभागियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने एक साथ सामूहिक जल शपथ ली।

आयोजन में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया , रतलाम-झाबुआ-अलीराजपुर सांसद अनिता नागर सिंह चौहान, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास नई दिल्ली के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अतुल कोठारी, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के एशिया हेड मनीष विश्नोई, बुंदेलखंड में ‘वाटर मैन’ के नाम से प्रसिद्ध रामबाबू तिवारी, झाबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश भरसट तथा पुलिस अधीक्षक (एसपी) देवेंद्र पाटीदार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ परिचय के साथ हुआ, जिसके पश्चात मंचासीन विशिष्ट अतिथियों ने देश की विभिन्न पवित्र नदियों से लाए गए जल का एक कलश में संगम कर जल संरक्षण और राष्ट्रीय एकात्मता का संदेश दिया। ओम प्रकाश शर्मा ने कार्यक्रम की विस्तृत प्रस्तावना प्रस्तुत की। उन्होंने अभियान के मुख्य उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शारदा समूह द्वारा ‘आधा गिलास पानी अभियान’ वर्ष 2012 से निरंतर चलाया जा रहा है, जिसे अब व्यापक सामाजिक स्तर तक ले जाने का प्रयास है। दैनिक जीवन में अक्सर हम पूरा गिलास पानी लेते हैं और आधा पीकर शेष फेंक देते हैं, जिससे प्रतिदिन लाखों लीटर स्वच्छ जल व्यर्थ बह जाता है; आवश्यकतानुसार आधा गिलास पानी लेने की यह छोटी-सी आदत आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करेगी। जल संरक्षण का यह अभियान केवल झाबुआ तक सीमित नहीं रहेगा, वरन् विश्व पटल पर अपनी अमिट छाप छोड़ेगा।

अनिता नागर सिंह चौहान ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने “जल, जंगल और जमीन” की रक्षा का जो संकल्प लिया था, आज झाबुआ की धरा से यह अभियान उसी संकल्प को साकार कर रहा है और यह संदेश पूरे देश के लिए प्रेरणादायी बनेगा।

डॉ. अतुल कोठारी ने जल संरक्षण के महत्व और ‘आधा गिलास पानी अभियान’ की प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में जल को जीवन और देवता का स्वरूप माना गया है, लेकिन आधुनिक जीवनशैली में पानी की बर्बादी एक गंभीर चिंता का विषय बन गई है।

‘आधा गिलास पानी अभियान’ को एक क्रांतिकारी व्यवहारिक पहल बताते हुए कहा कि ‘आधा गिलास’ की परंपरा अपनाने से हर घर, विद्यालय और सार्वजनिक कार्यक्रमों में करोड़ों लीटर पानी बचाया जा सकता है। उन्होंने “देश को बदलना है, तो शिक्षा को बदलो” के ध्येय वाक्य को दोहराते हुए कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि संस्कार और शिक्षा से संभव है।

कलेक्टर योगेश भरसट ने प्रशासन की ओर से इस अभियान को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जल संकट आज की सबसे बड़ी चुनौती है और इसका समाधान जनभागीदारी से ही संभव है। कलेक्टर महोदय ने विशेष रूप से विद्यार्थियों में बचपन से ही पानी के महत्व और संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

‘जल की बूँद’ की आकृति और सामूहिक शपथ

केशव इंटरनेशनल स्कूल के मैदान में हज़ारों प्रतिभागियों और बच्चों ने अत्यंत अनुशासित ढंग से बैठकर ‘जल की बूँद’ की एक विशाल और मनमोहक आकृति का निर्माण किया। इसके बाद मंच से उपस्थित हज़ारों प्रतिभागियों, विद्यार्थियों एवं अतिथियों को ‘सामूहिक जल शपथ’ दिलाई गई। पूरे प्रांगण ने एक स्वर में “जल बचाएँ, भविष्य बचाएँ — आओ, मिलकर संकल्प लें” का उद्घोष किया। पानी की बर्बादी रोकने, आवश्यकतानुसार ही जल का उपयोग करने तथा अपने परिवार और समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड द्वारा सम्मान एवं प्रमाणपत्र प्रदान

इस अनुशासित और सफल आयोजन का निरीक्षण करने के पश्चात गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधि मनीष विश्नोई ने मंच से आधिकारिक रूप से विश्व रिकॉर्ड बनने की घोषणा की। समूह के पदाधिकारियों को विश्व रिकॉर्ड का सम्मान एवं आधिकारिक प्रमाणपत्र प्रदान कर उपलब्धि के लिए शुभकामनाएँ दीं।

 

 

 


 

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।