नुआखाई पर्व पर किसानों को सिंचाई की सौगात, कोलता समाज के भवनों के लिए 80 लाख रुपये की घोषणा

  • Admin
  • Oct 15, 2026
  • 4,284 views

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ में प्रतिभावान विद्यार्थियों को किया सम्मानित, कहा—कृषि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करते हुए विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का संकल्प

रायगढ़, 15 अक्टूबर 2026।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली और समृद्धि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और संस्कृति के केंद्र में अन्नदाता हैं। किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। सुशासन और जनसेवा के माध्यम से विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा प्रत्येक परिवार को प्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बनाना सरकार का संकल्प है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को रायगढ़ के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित कोलता समाज के नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर समाजजनों ने पारंपरिक गजमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने मां रणेश्वरी रामचण्डी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

समारोह में मुख्यमंत्री ने ग्राम कोतरलिया के चंडी डोंगरी में सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये तथा नगर पंचायत पुसौर में कोलता समाज के मंगल भवन के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बाउंड्रीवॉल निर्माण की भी घोषणा की।

नुआखाई कृषि संस्कृति और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व

मुख्यमंत्री ने कोलता समाज सहित प्रदेशवासियों को नुआखाई पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व छत्तीसगढ़ की समृद्ध कृषि संस्कृति, अन्नदाता के परिश्रम और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। नई फसल के स्वागत और किसानों की मेहनत के सम्मान से जुड़ा यह उत्सव नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं से जोड़ता है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कृषि प्रधान प्रदेश है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिले, खेती की लागत कम हो, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हो और कृषि के माध्यम से परिवारों की समृद्धि बढ़े।

मुख्यमंत्री ने बताया कि रायगढ़ अंचल के किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए केलो परियोजना का कार्य प्रारंभ किया गया है। यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा, कृषि उत्पादकता बढ़ेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास को गति देने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की नई परियोजनाएं शुरू की गई हैं। सरकार का उद्देश्य है कि अधोसंरचना विकास का सीधा लाभ आम नागरिकों, किसानों, युवाओं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिले।

प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार हो रहा पक्के घर का सपना

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब और जरूरतमंद परिवारों के पक्के घर का सपना तेजी से साकार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन लगभग 1,600 आवासों का निर्माण हो रहा है।

उन्होंने कहा कि पक्का घर केवल चार दीवारों और छत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गरीब परिवार के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का आधार है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे।

सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा को अपनी कार्यसंस्कृति का आधार बनाया है। आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े और शासन तक उनकी पहुंच आसान हो, इसके लिए तकनीक और आधुनिक व्यवस्थाओं का उपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि नागरिकों की शिकायतों के त्वरित और समयबद्ध निराकरण के लिए सुशासन एवं अभिसरण विभाग, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और अटल डिजिटल सेवा केंद्र जैसी व्यवस्थाएं शुरू की गई हैं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायतों के समयबद्ध समाधान की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार ने अपने ढाई वर्षों के कार्यकाल में अधिकांश वादे पूरे किए हैं। शासन की योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचे। इसी उद्देश्य से सरकार अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रही है।

नक्सलवाद से मुक्ति के बाद विकास की नई यात्रा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में ऐतिहासिक सफलता मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प, सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय जनता के सहयोग से बस्तर में शांति और विश्वास का वातावरण बना है।

उन्होंने कहा कि हिंसा का रास्ता छोड़ने वाले नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा में लौटने का अवसर दिया जा रहा है। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए 15 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं। सरकार का उद्देश्य शांति स्थापित करने के साथ प्रभावित परिवारों का पुनर्वास करना और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद की चुनौती से आगे बढ़ता छत्तीसगढ़ अब विकास, विश्वास और समृद्धि की नई पहचान बना रहा है। बस्तर सहित प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान, युवाओं को बड़े लक्ष्य तय करने की प्रेरणा

समारोह में मुख्यमंत्री ने कोलता समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति, परिवार और समाज की प्रगति का सबसे सशक्त माध्यम है। आज के युवा अपनी मेहनत, प्रतिभा और आधुनिक शिक्षा के बल पर किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर परिश्रम करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा अपनी प्रतिभा के बल पर परिवार और समाज के साथ छत्तीसगढ़ का नाम भी देश-दुनिया में रोशन करें।

उन्होंने समाज द्वारा प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित करने की परंपरा को सराहनीय बताया। ऐसी पहल बच्चों और युवाओं को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती है तथा समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करती है।

कोलता समाज की संस्कृति और संस्कार प्रेरणादायी: ओ.पी. चौधरी

वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने नुआखाई पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुसौर और सरिया से लेकर तमनार, लैलूंगा तथा धरमजयगढ़ तक कोलता समाज के लोग अपनी ईमानदारी, सज्जनता, परिश्रम और संस्कारों के लिए विशेष पहचान रखते हैं। समाज की गौरवशाली संस्कृति और परंपराएं सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि समाज की नई पीढ़ी को शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए मेहनत करनी चाहिए।

वित्त मंत्री ने रायगढ़ क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि साकरा में लिफ्ट सिंचाई परियोजना, पुसौर एवं सरिया में रजिस्ट्री कार्यालय, 100 बिस्तरों का अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज और नालंदा परिसर जैसी सुविधाएं क्षेत्र के विकास को नई दिशा दे रही हैं।

इस अवसर पर वित्त मंत्री ने बेलरिया में विधायक निधि से 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनवाने की घोषणा भी की।

शिक्षा और संस्कार से समाज की प्रगति का आह्वान

लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने नुआखाई पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोलता समाज सामाजिक उत्थान और सामुदायिक एकता के लिए सदैव समर्पित रहा है। उन्होंने सांस्कृतिक परंपराओं और विरासत को सहेजते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अभिभावकों को बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ अच्छे संस्कार भी प्रदान करने चाहिए। उन्होंने बच्चों में माता-पिता और बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने तथा समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

समारोह में प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और समाजजनों के साथ नुआखाई का पारंपरिक भोजन भी ग्रहण किया। आयोजन के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, शिक्षा को प्रोत्साहन, सामाजिक एकजुटता और क्षेत्र के विकास का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार, अरुणधर दीवान, गुरुपाल भल्ला, सुभाष पाण्डेय, श्रीकांत सोमावार, सत्यानंद राठिया, विकास केडिया सहित समाज के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में कोलता समाज के लोग उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें