51 हजार दीपों से रोशन हुआ भारत का स्वरूप, कांकेर में दिखा आशीर्वाद और राष्ट्रभाव का संगम

  • Admin
  • Sep 17, 2026
  • 9,879 views

सेवा संकल्प अभियान के तहत पीएमश्री नरहरदेव स्कूल मैदान में भारत के मानचित्र पर सजे दीप; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना

कांकेर, 17 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कांकेर में गुरुवार शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने राष्ट्रभाव और जनभागीदारी का अनूठा दृश्य प्रस्तुत किया। जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक पीएमश्री शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में भारत का मानचित्र तैयार कर उस पर एक साथ 51 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों से जगमगाता भारत का मानचित्र कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक विक्रम देव उसेंडी ने किया। अध्यक्षता विधायक आशाराम नेताम ने की। जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, सीसीएफ विवेकानंद झा, कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा सहित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर आयोजन की शुरुआत की।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आज शाम बड़ी संख्या में जलाए गए 'आशीर्वाद का दीया'

योजनाओं के जरिए अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का दावा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम देव उसेंडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की भावना के साथ योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं से आमजन को मिल रही सुविधाओं का उल्लेख किया। कोरोना महामारी के दौरान टीकाकरण और जरूरतमंद परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने के प्रयासों की भी जानकारी दी।

उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाना शुभकामना और सम्मान की भावना का प्रतीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन तथा देश के निरंतर विकास की कामना की।

‘हर परिवार तक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास’

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की 140 करोड़ जनता को अपना परिवार मानते हैं। उन्होंने कहा कि परिवार के मुखिया की तरह सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों की आवश्यकताओं को समझकर उन्हें सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छता अभियान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, उज्ज्वला और बिजली योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से आवास, पेयजल, स्वास्थ्य सुरक्षा, सड़क, स्वच्छता, ऊर्जा और खाद्यान्न जैसी आवश्यक सुविधाएं लोगों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।

एक महीने तक चलेंगी सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियां

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने सेवा संकल्प अभियान के तहत एक महीने तक आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों और 13 प्रमुख पहलों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा से संबंधित वीडियो का प्रदर्शन किया गया। साथ ही अभियान से संबंधित कैलेंडर का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वेशभूषा में पहुंचे बच्चों ने जनप्रतिनिधियों को गुलाब के फूल भेंट किए। बच्चों ने भारत माता के जयकारे लगाए, जिससे पूरे परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक देवलाल दुग्गा, सुमित्रा मारकोले, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।