8 किलोमीटर का दुर्गम सफर तय कर बेंगपाल पहुंची स्वास्थ्य टीम, 106 ग्रामीणों की हुई जांच

  • Admin
  • Oct 05, 2026
  • 5,730 views

पेड़ की छांव में लगा स्वास्थ्य शिविर, मलेरिया से लेकर बीपी-शुगर और नेत्र परीक्षण तक की सुविधा; ग्रामीणों को मिलीं जरूरी दवाइयां

दंतेवाड़ा, 5 अक्टूबर 2026। 

बैलाडीला की पहाड़ियों के अंतिम छोर पर बसे पहुंचविहीन ग्राम बेंगपाल तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 8 किलोमीटर का दुर्गम और पथरीला रास्ता पैदल तय किया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गांव में पेड़ की छांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जहां ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच, उपचार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श किया गया।

शिविर में 106 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और जरूरत के अनुसार आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में पहुंचे सभी ग्रामीणों की मलेरिया जांच के लिए स्क्रीनिंग की गई। वहीं 30 वर्ष से अधिक उम्र के ग्रामीणों का ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर परीक्षण किया गया।

गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, बच्चों का टीकाकरण

स्वास्थ्य शिविर के दौरान गर्भवती महिलाओं का पंजीयन किया गया। बच्चों को आवश्यक नियमित टीके लगाए गए। स्वास्थ्य अमले ने ग्रामीणों का नेत्र परीक्षण भी किया। जांच के दौरान मोतियाबिंद के मरीजों को चिन्हांकित कर आगे उपचार और ऑपरेशन के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

आयुष्मान और वय वंदना योजना का भी मिला लाभ

शिविर में पात्र ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। वहीं 70 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के तहत कार्ड भी तैयार किए गए। इस तरह स्वास्थ्य जांच और उपचार के साथ ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ने का भी काम किया गया।

दूरस्थ गांवों तक लगातार पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं

दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद स्वास्थ्य टीम ने 8 किलोमीटर पैदल सफर तय कर ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाईं। जिले के अंदरूनी और दूरस्थ गांवों में ऐसे स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जांच, उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि भौगोलिक कठिनाइयों के कारण कोई भी ग्रामीण जरूरी स्वास्थ्य सुविधा से वंचित न रहे।

सम्बन्धित खबरें