स्वर्ण पदक विजेताओं का सम्मान, संजू देवी को 51 लाख का चेक; मधु और गीता को विशेष सहायता उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला, 21 अक्टूबर से छत्तीसगढ़ में होगी पुरुष हॉकी लीग

  • Admin
  • Oct 02, 2026
  • 2,622 views

बिलासपुर, 2 अक्टूबर 2026।                                                      
बहतराई स्थित खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने एशियन गेम्स-2026 की कबड्डी स्वर्ण पदक विजेता संजू देवी तथा जूनियर हॉकी एशिया कप-2026 की स्वर्ण पदक विजेता मधु सिदार और गीता यादव को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया। समारोह की अध्यक्षता बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने की।

समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा संजू देवी के लिए पूर्व में घोषित 51 लाख रुपए की सम्मान राशि का चेक प्रदान किया गया। वहीं मधु सिदार और गीता यादव को 11 लाख 12 हजार रुपए प्रत्येक का विशेष सहायता पैकेज देने की घोषणा की गई। दोनों खिलाड़ियों को तत्काल 2-2 लाख रुपए की एकमुश्त सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए गए।

उप मुख्यमंत्री साव ने तीनों खिलाड़ियों को शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों की उपलब्धियों में उनके परिवारों के योगदान को रेखांकित करते हुए तीनों के परिजनों को भी शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

21 अक्टूबर से शुरू होगी पुरुष हॉकी लीग

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार लगातार अभिनव पहल कर रही है। इसी कड़ी में प्रदेश में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक पुरुष हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य होगा, जो इस तरह की हॉकी लीग का आयोजन करने जा रहा है। लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है। इसमें छह टीमें हिस्सा लेंगी, जिनका नामकरण छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पहचान के अनुरूप किया गया है।

वर्षों की मेहनत से मिली अंतरराष्ट्रीय सफलता

साव ने कहा कि यह बिलासपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए उत्साह, उल्लास और गौरव का दिन है। इन खिलाड़ियों ने इसी सेंटर में खेलना सीखा, अपनी प्रतिभा को निखारा और कठिन परिश्रम के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। चीन और जापान में स्वर्ण पदक जीतना सहज उपलब्धि नहीं है। इसके पीछे खिलाड़ियों की वर्षों की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प है।

उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति को योग्य, सक्षम और अच्छा नागरिक बनाने का सशक्त माध्यम है। खेल के मैदान से अच्छा स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, धैर्य, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ने का जज्बा मिलता है। खिलाड़ी कठिन समय में निराश होने के बजाय संघर्ष करना और फिर आगे बढ़ना सीखता है। खेल प्रतिभा के बल पर आज खिलाड़ियों को मान-सम्मान के साथ बेहतर भविष्य के अवसर भी मिल रहे हैं।

खेल अधोसंरचना को मजबूत कर रही सरकार

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य और खेल अधोसंरचना के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, खेल अलंकरण, स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव तथा बस्तर एवं सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों से प्रदेश में खेलों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार किया गया है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने बजट में मुख्यमंत्री उत्कर्ष योजना के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। इससे प्रशिक्षकों सहित खेलों के लिए आवश्यक अधोसंरचना और अन्य सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा।

साव ने खिलाड़ियों से अपने खेल में निरंतरता बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि खिलाड़ी की सबसे बड़ी प्रतिस्पर्धा स्वयं से होती है। हर दिन स्वयं को बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए। किसी प्रतियोगिता में चयन नहीं होने पर निराश होने के बजाय और अधिक मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज इन तीन खिलाड़ियों को सम्मान मिला है और आने वाले समय में यहां प्रशिक्षण ले रहे अन्य खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिलेंगे।

बहतराई में और बढ़ेंगी खेल सुविधाएं

समारोह की अध्यक्षता कर रहे बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने बहतराई जिला खेल परिसर में खेल सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगभग 6 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न खेल मैदानों, हाई मास्ट लाइट सहित अन्य सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। लगभग 3 करोड़ रुपए की लागत से वातानुकूलन सहित आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 16 करोड़ रुपए की लागत से खेल अधोसंरचना विकसित करने की योजना है, जिसका जल्द भूमिपूजन किया जाएगा।

ऑडियो-वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम का उद्घाटन

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र के प्रशासनिक भवन में नवनिर्मित ऑडियो-वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम का उद्घाटन भी किया।

कार्यक्रम में राज्य हॉकी संघ के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिव प्रदीप यादव, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल और दीपक सिंह सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें