सुहेला को 459 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, 178 का भूमिपूजन और 97 कार्यों का लोकार्पण

  • Admin
  • Nov 19, 2026
  • 8,653 views

महाविद्यालय भवन के लिए 5 करोड़ सहित कई विकास कार्यों की घोषणा, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण पर जोर

बलौदाबाजार, 19 नवंबर 2026। 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सुहेला में आयोजित विकास संकल्प तिहार में 459 करोड़ 45 लाख रुपए की लागत के 275 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 316 करोड़ 55 लाख रुपए के 178 कार्यों का भूमिपूजन और 142 करोड़ 90 लाख रुपए के 97 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने सुहेला में शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों की लगभग 20 वर्ष पुरानी मांग पूरी की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता सामग्री और चेक वितरित किए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों एवं युवाओं को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सुविधाओं का विस्तार और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण सरकार का संकल्प है। किसानों की समृद्धि, महिलाओं के सशक्तीकरण और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करते हुए प्रदेश में विकास और जनकल्याण के कार्यों को गति दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

उन्होंने कहा कि अगले महीने राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इस अवधि में सरकार ने 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति, महतारी वंदन योजना, चरण पादुका योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना जैसी कई जनकल्याणकारी पहल की हैं।

सुशासन से आम नागरिकों को मिल रही सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 शुरू किया गया है, जो 24 घंटे संचालित होता है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से लगभग 700 शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं, अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार हुआ है।

किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत हैं। राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से कर रही है। कृषक उन्नति योजना में संशोधन कर कम उत्पादन की स्थिति में भी प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से अंतर की राशि देने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही किसानों को दो वर्षों का बकाया बोनस भी दिया गया है।

सुहेला में महाविद्यालय भवन के लिए 5 करोड़ की घोषणा

मुख्यमंत्री ने राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा की मांग पर सुहेला में मांगलिक भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए, नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन के लिए बजट में 5 करोड़ रुपए का प्रावधान और सुहेला तहसील के 20 विद्यालयों में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। इसके अलावा बलौदाबाजार में शहीद वीर नारायण सिंह चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की।

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सुहेला में शासकीय महाविद्यालय शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों की लगभग 20 वर्ष पुरानी मांग पूरी हुई है। अब विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

हितग्राहियों को वितरित की सहायता सामग्री और चेक

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से तेंदूपत्ता संग्राहक हेमलाल को 15,411 रुपए, राजकुमार को 22,976 रुपए और तुकेश ध्रुव को 21,015 रुपए की प्रोत्साहन राशि के चेक प्रदान किए गए। पंचायत विभाग की ओर से पांच सोलर दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कृषि विभाग के स्टॉल पर किसानों को गेहूं और सरसों के बीज वितरित किए गए। साथ ही 10 किसानों को 50 लाख रुपए से अधिक की राशि के चेक प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पांच बच्चों को सुपोषण टोकरी दी गई।

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के 10 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए। समाज कल्याण विभाग की ओर से तीन दिव्यांग हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल एवं व्हीलचेयर वितरित की गईं। भारत माता वाहिनी समूह के 10 सदस्यों को सीटी, टोपी, लाठी और टॉर्च प्रदान की गई।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से छह हितग्राहियों को चश्मे, तीन को आयुष्मान वय वंदन कार्ड और तीन को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। वहीं, कौशल विकास विभाग के 'हम होंगे कामयाब 2.0' कार्यक्रम के तहत जिले के 53 युवाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सरकार प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

सड़क, शिक्षा और सिंचाई परियोजनाओं को मिली गति

मुख्यमंत्री ने बलौदाबाजार विकासखंड में 88 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत से लटुआ-पनगांव बायपास मार्ग निर्माण, सुहेला में 23 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से तीन मार्गों पर डिवाइडर एवं प्रकाश व्यवस्था सहित सड़क निर्माण तथा सिमगा विकासखंड में 8 करोड़ 88 लाख रुपए की लागत से हथबंद-जांगड़ा सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया।

इसके अलावा भाटापारा विकासखंड में 6 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत से दतरेंगा से बिजराडीह तक पुल-पुलियों सहित 6.20 किलोमीटर सड़क निर्माण और 5 करोड़ 66 लाख रुपए की लागत से तुरमा-खैरी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।

लोकार्पित प्रमुख कार्यों में 65 करोड़ 41 लाख रुपए की लागत से खपरी-सिलवा-करहीबाजार सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, 9 करोड़ 69 लाख रुपए की लागत से भाटापारा-सुहेला-हिरमी-मोहरा मार्ग का डामरीकरण एवं मजबूतीकरण शामिल है। इसके साथ ही पलारी में 3 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भवन, ग्राम घुलघुल में 3 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से मल्लीन नाला पर स्टॉपडेम तथा कसडोल विकासखंड के ग्राम मटिया में 3 करोड़ 36 लाख रुपए की लागत से मटिया नाला पर स्टॉपडेम का लोकार्पण किया गया।

इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आवागमन, शिक्षा, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा तथा स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, बलौदाबाजार नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, भाटापारा नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, डॉ. सनम जांगड़े, लक्ष्मी बघेल, जिला अध्यक्ष आनंद यादव, संभागायुक्त श्याम धावड़े, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, प्रभारी पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।