पोषण से सम्मान तक, परसगढ़ी में आंगन मिलन सेवा ने बढ़ाया जनभागीदारी का दायरा

  • Admin
  • Oct 08, 2026
  • 7,643 views

न्योता भोज में 30 बच्चों ने लिया भोजन, 50 माताओं को कराया पौष्टिक आहार; सुपोषण टोकरी और संतुलित आहार की दी गई जानकारी

मनेन्द्रगढ़, 08 अक्टूबर 2026।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 6 अक्टूबर को सेक्टर मनेन्द्रगढ़ ग्रामीण के ग्राम पंचायत परसगढ़ी में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सरपंच बुद्धू सिंह की उपस्थिति में बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम का उद्देश्य पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनभागीदारी के माध्यम से माताओं एवं बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

न्योता भोज और अन्नदान से पोषण का संदेश

कार्यक्रम के दौरान 30 बच्चों को न्योता भोज कराया गया। वहीं ‘अन्न दान महादान’ पहल के तहत 50 गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को पौष्टिक भोजन कराया गया।

माताओं और बच्चों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 10 सुपोषण टोकरी वितरित की गईं। साथ ही सुपोषण थाली का प्रदर्शन कर संतुलित एवं पौष्टिक आहार में शामिल किए जाने वाले खाद्य पदार्थों की जानकारी दी गई।

हितग्राहियों से संवाद, योजनाओं के लाभ की साझा की जानकारी

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं मुख्यमंत्री मातृत्व योजना के हितग्राहियों से संवाद किया गया। हितग्राहियों ने योजनाओं से प्राप्त लाभ और अपने अनुभव साझा किए।

इस दौरान हितग्राहियों का सम्मान भी किया गया। पात्र महिलाओं को संबंधित योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

प्रतियोगिताओं ने बढ़ाया उत्साह

आंगन मिलन कार्यक्रम में व्यंजन प्रतियोगिता, एक मिनट प्रतियोगिता और कुर्सी दौड़ का आयोजन किया गया। महिलाओं और उपस्थित प्रतिभागियों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

इन मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से कार्यक्रम में सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा मिला।

मितानिनों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रहीं मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान किया गया।

उनके योगदान की सराहना करते हुए ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं को प्रभावी बनाने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।

स्वच्छता की शपथ लेकर लिया स्वच्छ परिसर का संकल्प

कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों ने अपने घर, आंगन और आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। साथ ही स्वयं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की प्रतिबद्धता जताई।

सम्बन्धित खबरें