समडमा में 2.91 करोड़ से बन रहा विद्युत सब स्टेशन, 16 गांवों को मिलेगी लो वोल्टेज से राहत

  • Admin
  • Oct 15, 2026
  • 3,603 views

कृषि, शिक्षा और ग्रामीण आजीविका को मिलेगा बढ़ावा, क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार

जशपुर, 15 अक्टूबर 2026।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से जशपुर जिले के नागलोक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। फरसाबहार तहसील के ग्राम समडमा में 2 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से 33/11 केवी विद्युत सब स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है। इसके शुरू होने से क्षेत्र के 16 गांवों के उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

नागलोक क्षेत्र के ग्रामीणों को कम वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण घरेलू उपकरणों के संचालन, कृषि कार्यों तथा दैनिक गतिविधियों में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या के समाधान के लिए समडमा में विद्युत सब स्टेशन का निर्माण कराया जा रहा है। इससे स्थानीय विद्युत वितरण व्यवस्था मजबूत होगी और बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार आएगा।

16 गांवों के उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

निर्माणाधीन विद्युत सब स्टेशन से समडमा, सांको, साहिलता, बांसाझाल, छरला, मांझापारा, कोरचिकानी, लावाकेरा, जूनाडीह, जगदमपुर, रेंगारमुण्डा, जाडामल, बेलडीपा, चालडीह, जामडांड और रंगीयाडीपा सहित आसपास के क्षेत्रों के बिजली उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। पर्याप्त वोल्टेज के साथ बिजली उपलब्ध होने से ग्रामीणों के दैनिक कार्य अधिक सुगमता से हो सकेंगे।

कृषि और ग्रामीण आजीविका को मिलेगी मजबूती

बेहतर बिजली आपूर्ति से किसानों को सिंचाई पंप और अन्य कृषि उपकरण चलाने में सुविधा होगी। इसके साथ ही छोटे व्यवसायों और स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। घरों में विद्युत उपकरणों का उपयोग आसान होने के साथ विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इस तरह विद्युत अधोसंरचना का विस्तार क्षेत्र की कृषि, शिक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा।

दूरस्थ अंचलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार दूरस्थ ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। समडमा में निर्माणाधीन विद्युत सब स्टेशन इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके शुरू होने से नागलोक क्षेत्र में बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

विद्युत सब स्टेशन के निर्माण से क्षेत्रवासियों में खुशी है। ग्रामीणों ने लंबे समय से चली आ रही बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्हें उम्मीद है कि सब स्टेशन शुरू होने के बाद लो वोल्टेज की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

सम्बन्धित खबरें