युवाओं की ऊर्जा और नवाचार से बनेगा विकसित भारत : राज्यपाल रमेन डेका

  • Admin
  • Nov 18, 2026
  • 1 views

‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ में छह राज्यों से आए युवा स्वयंसेवकों से किया संवाद, धैर्य, अनुशासन और समय की पाबंदी को बताया सफलता का मंत्र

रायपुर, 18 नवंबर 2026।

 भारत युवाओं का देश है और वर्ष 2047 तक विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत बनाने में युवा शक्ति की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। युवाओं की शिक्षा, कौशल, मेहनत और नवाचार से ही देश की प्रगति की दिशा तय होगी। युवाओं को जीवन में जो भी कार्य करना चाहिए, उसे पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। यह बात राज्यपाल रमेन डेका ने बुधवार को रायपुर स्थित लोक भवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित ‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ में कही।

‘मेरा युवा भारत’ द्वारा आयोजित सात दिवसीय शिविर 17 से 23 नवंबर तक चल रहा है। इसमें महाराष्ट्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर से आए युवा स्वयंसेवक हिस्सा ले रहे हैं। राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों से आए युवाओं से संवाद कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अवसर

राज्यपाल ने कहा कि ऐसे शिविर विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और विचारों को जानने-समझने का अवसर देते हैं। इससे आपसी सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे मातृभूमि के प्रति प्रेम, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बताया।

धैर्य, अनुशासन और समय की पाबंदी सफलता की नींव

युवाओं को सफलता के सूत्र बताते हुए राज्यपाल ने धैर्य, दृढ़ता और स्पष्ट उद्देश्य को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि केवल लक्ष्य निर्धारित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास, कठोर परिश्रम और अनुशासन भी आवश्यक है। युवाओं को टालमटोल की आदत से बचना चाहिए और आज के काम को कल पर नहीं टालना चाहिए। समय की पाबंदी ही सफलता की वास्तविक नींव है।

गांवों में रोजगार और कृषि में नवाचार की अपार संभावनाएं

राज्यपाल ने युवाओं को गांवों की ओर रुख करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को गांवों की जरूरतों को समझकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर तलाशने चाहिए। उन्होंने कृषि को पारंपरिक पेशे से आगे बढ़ाकर उद्यमिता और स्टार्टअप का माध्यम बनाने पर जोर दिया। साथ ही जैविक खेती, प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने की अपील की।

बस्तर में सुरक्षा के साथ विकास को मिली गति

बस्तर का उदाहरण देते हुए राज्यपाल ने कहा कि जहां सुरक्षा होती है, वहीं शांति और विकास का वातावरण बनता है। नक्सलवाद का प्रभाव कम होने और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने से बस्तर में शांति स्थापित हुई है तथा क्षेत्र तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। जिन इलाकों में कभी संचार सुविधाओं का अभाव था, वहां अब मोबाइल टावर, रेडियो और टेलीविजन की पहुंच बढ़ रही है। बच्चे नियमित रूप से स्कूल जा रहे हैं।

प्रतिभाशाली युवा स्वयंसेवक हुए सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली युवा स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं के सवालों और जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए सफल जीवन के लिए मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में ‘मेरा युवा भारत’ के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी ने शिविर के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, लोक भवन के अधिकारी, विभिन्न राज्यों के अधिकारी और युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें