धर्मग्रंथों में प्रक्षिप्त अंशों की पहचान और समीक्षा के लिए हरिद्वार में संतों-विद्वानों का सम्मेलन

  • Admin
  • Oct 30, 2026
  • 14,724 views

योगऋषि बाबा रामदेव की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी, स्त्रियों और अनुसूचित जाति-जनजाति के प्रति अपमानजनक बताए जाने वाले प्रसंगों पर जताई चिंता

स्वामी परमात्मानंद सरस्वती और प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी की अध्यक्षता में गठित की गईं दो समितियां

हरिद्वार, 30 अक्टूबर 2026।

हिंदू धर्मग्रंथों में कथित रूप से बाद में जोड़े गए ऐसे प्रसंगों की पहचान और समीक्षा की मांग उठी है, जिन्हें हिंदू धर्म की मान्यताओं और समानता के सिद्धांतों के विरुद्ध माना जा रहा है। इसी विषय पर 30 अक्टूबर को हरिद्वार में योगऋषि बाबा रामदेव की अध्यक्षता में संतों और विद्वानों की विशेष गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें देश के विभिन्न पंथों के संतों और धर्माचार्यों ने सहभागिता की।

गोष्ठी का मुख्य विषय धार्मिक ग्रंथों में कथित रूप से बदनीयती से जोड़े गए प्रक्षिप्त प्रसंगों की पहचान करना और उनकी समीक्षा के बाद आवश्यक निर्णय लेना रहा। वक्ताओं ने कहा कि कुछ ग्रंथों में स्त्रियों तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के प्रति अपमानजनक माने जाने वाले अंशों की जांच की जानी चाहिए। उनका मत था कि धर्मग्रंथों की मूल भावना और समानता के सिद्धांतों के अनुरूप ऐसे अंशों का परीक्षण आवश्यक है।

दो समितियां गठित, विद्वानों की राय से होगी समीक्षा

इस दिशा में कार्य को आगे बढ़ाने के लिए स्वामी परमात्मानंद सरस्वती और केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी की अध्यक्षता में दो समितियों का गठन किया गया है। विश्व हिंदू परिषद भी इस पहल में सहभागी होगा। समितियों के माध्यम से संबंधित प्रसंगों का अध्ययन और विद्वानों के विचारों के आधार पर समीक्षा की जाएगी।

समानता, बंधुता और मानवीय गरिमा पर दिया जोर

गोष्ठी में विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि ऐसे अंशों की समीक्षा होनी चाहिए, जो मनुष्य की समानता और बंधुता की भावना के विपरीत हों। उन्होंने भारतीय संविधान में प्रत्येक व्यक्ति को समानता, बंधुता और गरिमा के अधिकार का उल्लेख करते हुए कहा कि ये मूल्य भारतीय अध्यात्म की मूल भावना के अनुरूप हैं।

उन्होंने कहा कि ईश्वर ने सभी मनुष्यों की रचना की है और वह प्रत्येक व्यक्ति के हृदय में निवास करते हैं। इसलिए यदि किसी धार्मिक ग्रंथ में ऐसा प्रसंग मिलता है, जो समानता और बंधुता के सिद्धांतों के विरुद्ध हो, तो वर्तमान हिंदू समाज को उस पर अपना स्पष्ट मत व्यक्त करना चाहिए।

पतंजलि विश्वविद्यालय में सम्मेलन के दौरान हुई चर्चा

यह गोष्ठी पतंजलि विश्वविद्यालय में आयोजित 52वें अखिल भारतीय प्राच्यविद्या सम्मेलन (All India Oriental Conference) के दौरान हुई। इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए धर्मगुरुओं और विद्वानों ने भाग लिया।

सम्मेलन में वक्ताओं ने सनातन धर्म की परंपराओं, मूल्यों और धार्मिक साहित्य के संरक्षण पर विचार रखे। आयोजन का उद्देश्य धर्मग्रंथों के अध्ययन, उनमें बताए गए प्रसंगों की समीक्षा और सनातन परंपरा के मूल सिद्धांतों को सामने लाने की दिशा में संवाद को आगे बढ़ाना रहा।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।