गोवर्धन पूजा पर 9 नवंबर को उत्कृष्ट पशुपालकों का सम्मान करेंगे मुख्यमंत्री, गिर गाय ‘राधा’ ने हासिल किया पहला स्थान गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना की प्रतियोगिता में 208 वृंदावन ग्रामों ने लिया हिस्सा; सबसे अधिक दूध देने वाली गाय के पशुपालक को मिलेगा एक लाख रुपये का पुरस्कार

  • Admin
  • Nov 07, 2026
  • 1 views

भोपाल, 7 नवंबर 2026।

 मुख्यमंत्री मोहन यादव 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा पर्व पर आयोजित पशुपालक सम्मान समारोह में गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के विजेता पशुपालकों को सम्मानित करेंगे। चयनित 208 वृंदावन ग्रामों में 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। भोपाल में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से 10 पशुपालकों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी गौ-पूजन और पशुपालक सम्मान कार्यक्रम आयोजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक पटल पर अपनी नई पहचान स्थापित कर रहा है। किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। ग्राम पंचायतों में दूध संकलन के लिए दुग्ध सहकारी समितियां गठित की जा रही हैं, ताकि किसान अनाज उत्पादन के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन से भी अपनी आमदनी बढ़ा सकें।

उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश दुग्ध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है। राज्य सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में प्रदेश को दुग्ध उत्पादन में देश का नंबर एक राज्य बनाना है। इसके लिए सुनियोजित पशुपालन और गौ-संवर्धन नीतियों के माध्यम से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

विजेताओं को मिलेंगे एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये

प्रतियोगिता में सर्वाधिक दूध उत्पादन करने वाली गायों के पशुपालकों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। विजेताओं को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। सभी विजेताओं के बैंक खातों में पुरस्कार राशि एकमुश्त प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी।

गिर नस्ल की गाय ‘राधा’ ने प्रतिदिन 19.760 लीटर दूध देकर पाया पहला स्थान

देशी नस्ल की गायों का पालन पशुधन परंपरा और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा होने के साथ ग्रामीण परिवारों की आर्थिक समृद्धि का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। बेहतर देखभाल, संतुलित आहार और उन्नत पशुपालन प्रबंधन से देशी नस्ल की गायें भी अच्छा दुग्ध उत्पादन कर सकती हैं।

इसका उदाहरण उज्जैन जिले के वृंदावन ग्राम तालोद के पशुपालक गौरव रघुवंशी ने प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री द्वारा ग्राम तालोद को वृंदावन ग्राम घोषित किए जाने के बाद यहां देशी गोवंश के संरक्षण और संवर्धन को प्रोत्साहन मिला। इससे प्रेरित होकर गौरव रघुवंशी ने गिर नस्ल की गाय का पालन शुरू किया।

बेहतर देखभाल और संतुलित पोषण के परिणामस्वरूप उनकी गाय ‘राधा’ ने प्रतिदिन 19.760 लीटर दूध उत्पादन कर प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रदेश की सर्वाधिक दूध देने वाली पांच गायें

प्रतियोगिता में दुग्ध उत्पादन के आधार पर शीर्ष पांच स्थान प्राप्त करने वाली गायों और उनके पशुपालकों का विवरण इस प्रकार है:

प्रथम स्थान: उज्जैन जिले के ग्राम तालोद के गौरव रघुवंशी की गिर गाय — 19.760 लीटर प्रतिदिन।

द्वितीय स्थान: रतलाम जिले के ग्राम सुखेड़ा के मुकेश कुमार परमार की गाय — 17.230 लीटर प्रतिदिन।

तृतीय स्थान: उमरिया जिले के ग्राम डोडका की संध्या पांडेय की गिर गाय — 17.166 लीटर प्रतिदिन।

चतुर्थ स्थान: रायसेन जिले के ग्राम मांगरोल-2 के ज्ञानेश्वर पटेल की गिर गाय — 16.350 लीटर प्रतिदिन।

पंचम स्थान: राजगढ़ जिले के ग्राम सलेहपुर के सुमेर सिंह पंवार की गाय — 16.144 लीटर प्रतिदिन।

इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश में देशी गोवंश के संरक्षण, बेहतर पशुपालन प्रबंधन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के प्रयासों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

सम्बन्धित खबरें