मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना बनी सहारा, ऋतिक के इलाज के लिए स्वीकृत हुए 18 लाख रुपये

  • Admin
  • Oct 09, 2026
  • 5,340 views

10 वर्षीय ऋतिक का बेंगलुरु में होगा बोन मैरो ट्रांसप्लांट, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में परिजनों ने लगाई थी आर्थिक मदद की गुहार

जशपुर, 09 अक्टूबर 2026। गंभीर बीमारी से जूझ रहे जशपुर जिले के 10 वर्षीय ऋतिक यादव के उपचार में आर्थिक कठिनाई अब बाधा नहीं बनेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ऋतिक के बोन मैरो ट्रांसप्लांट सहित आवश्यक उपचार के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत 18 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। इस सहायता से कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित अस्पताल में ऋतिक का उपचार कराया जा सकेगा।

ऋतिक यादव, पिता मेघनाथ यादव, गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। चिकित्सकों ने उनके उपचार के लिए बोन मैरो ट्रांसप्लांट की आवश्यकता बताई है। इस प्रक्रिया में होने वाले भारी खर्च के कारण परिवार आर्थिक परेशानी का सामना कर रहा था। बेटे के बेहतर उपचार की उम्मीद लेकर परिजन मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया पहुंचे और आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। मामले की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने उपचार के लिए 18 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की।

बेंगलुरु के अस्पताल में होगा बोन मैरो ट्रांसप्लांट

ऋतिक का उपचार कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित मजूमदार शॉ मेडिकल सेंटर (Mazumdar Shaw Medical Center) में किया जाएगा। उपचार के लिए ओटी-यू100 (OT-U100), एलोजेनिक बोन मैरो ट्रांसप्लांट (Allogenic BMT) तथा हैप्लो-आइडेंटिकल बोन मैरो ट्रांसप्लांट (BMT Haplo-identical) जैसी चिकित्सा प्रक्रियाएं प्रस्तावित हैं।

बोन मैरो ट्रांसप्लांट गंभीर बीमारियों के उपचार की जटिल और खर्चीली प्रक्रिया है। ऐसे में मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत स्वीकृत 18 लाख रुपये की राशि ऋतिक के उपचार में महत्वपूर्ण मददगार साबित होगी।

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया से मिली सहायता, परिवार को बंधी उम्मीद

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान और उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का माध्यम बन रहा है। ऋतिक के परिजनों ने भी इसी कार्यालय में पहुंचकर बच्चे के उपचार के लिए आर्थिक सहायता का आवेदन दिया था। प्रकरण मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बाद उपचार के लिए सहायता राशि स्वीकृत की गई।

आर्थिक सहायता मिलने से परिवार को महंगे इलाज का खर्च वहन करने में मदद मिलेगी। परिजनों ने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनके लिए यह सहायता बच्चे के बेहतर उपचार की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर है।

गंभीर बीमारियों के उपचार में मददगार बनी योजना

मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना गंभीर बीमारियों से पीड़ित पात्र मरीजों को महंगे उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण जरूरतमंद मरीजों के उपचार में बाधा न आए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और उपचार के लिए आर्थिक सहयोग देने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऋतिक यादव के उपचार के लिए 18 लाख रुपये की स्वीकृति इसी दिशा में उठाया गया कदम है। इससे परिवार को आर्थिक संबल मिला है और बच्चे के उपचार की आगे की प्रक्रिया का रास्ता आसान हुआ है।

सम्बन्धित खबरें