छत्तीसगढ़ के कृषि विकास को मिलेगी नई रफ्तार, राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन में शामिल हुए मंत्री रामविचार नेताम

  • Admin
  • Sep 29, 2026
  • 3,528 views

छत्तीसगढ़ के कृषि विकास को मिलेगी नई रफ्तार, केंद्र ने जारी किए 182 करोड़ रुपये

 

विकसित संकल्प अभियान और खेत बचाओ अभियान को भी मिलेगी मजबूती

नई दिल्ली 29 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कृषि विकास और किसानों को कृषि योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने की दिशा में केंद्र सरकार ने 182 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है। नई दिल्ली में 28 और 29 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन में यह आवंटन छत्तीसगढ़ के लिए जारी किया गया। सम्मेलन में आगामी रबी फसल की तैयारियों, कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और किसानों की आय बढ़ाने के उपायों पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ।

राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम शामिल हुए। दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर के कृषि मंत्री, कृषि वैज्ञानिक, कृषि क्षेत्र के विशेषज्ञ और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। भारत सरकार के कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा राज्यमंत्री की उपस्थिति में आगामी रबी फसल के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा हुई।

किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

सम्मेलन में नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कृषि क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन और राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के विभिन्न घटकों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इसका उद्देश्य प्रदेश के अधिक से अधिक किसानों को कृषि योजनाओं का लाभ पहुंचाना, कृषि लागत कम करना और किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाना है।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के लिए 182 करोड़ रुपये का आवंटन जारी किया और इसका पत्र भी प्रदान किया। नेताम ने प्रदेश के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि छत्तीसगढ़ में कृषि विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

दलहन-तिलहन का रकबा बढ़ाने पर विशेष जोर

कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र से मिली राशि से प्रदेश में चलाए जाने वाले ‘विकसित संकल्प अभियान’ को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही आगामी समय में ‘खेत बचाओ अभियान’ के माध्यम से किसानों को बेहतर उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सहायता राशि का प्रभावी उपयोग दलहन और तिलहन का रकबा बढ़ाने, कृषि उत्पादन में वृद्धि करने और किसानों को बेहतर उपज दिलाने के लिए किया जाएगा।

केंद्र और राज्य की कृषि नीतियों में बेहतर समन्वय

नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का प्रयास है कि केंद्र सरकार की योजनाओं और राज्य की कृषि नीतियों के बेहतर समन्वय से किसानों को अधिकतम लाभ मिले। कृषि क्षेत्र में नई तकनीक, कम लागत और बेहतर उत्पादन के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से प्राप्त 182 करोड़ रुपये की सहायता से प्रदेश में कृषि विकास को और गति मिलेगी तथा छत्तीसगढ़ को कृषि क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने में सहयोग मिलेगा। उन्होंने इस सहायता के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।

सम्बन्धित खबरें