महानदी के बेहतर प्रबंधन पर मंथन, दोनों राज्यों के हितों के अनुरूप समाधान की दिशा में बढ़े कदम.

  • Admin
  • Oct 02, 2026
  • 3,707 views

अमित शाह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक, सी.आर. पाटिल की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के मुख्यमंत्रियों ने रखे विचार

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर 2026।


महानदी के बेहतर जल प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने और छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा के हितों के अनुरूप समाधान की दिशा में गुरुवार को नई दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक हुई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की उपस्थिति में आयोजित बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महानदी छत्तीसगढ़ और ओडिशा की जीवनधारा और समृद्धि का आधार है। यह केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि दोनों राज्यों के जनजीवन, कृषि और संस्कृति से जुड़ी जीवनदायिनी नदी है। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों का प्रयास है कि महानदी के जल का बेहतर प्रबंधन किया जाए, जिससे सिंचाई व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके तथा नई परियोजनाओं के लिए संभावनाओं के द्वार खुल सकें।

संवाद और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समाधान की दिशा में आगे बढ़ रहे दोनों राज्य

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में दोनों राज्यों की सरकारें आपसी संवाद, सहयोग और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ समाधान की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि महानदी दोनों राज्यों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण प्राकृतिक संसाधन है। इसके जल का बेहतर प्रबंधन न केवल कृषि और सिंचाई व्यवस्था को मजबूती दे सकता है, बल्कि दोनों राज्यों के विकास और जनहित से जुड़ी नई परियोजनाओं के लिए भी अवसर पैदा कर सकता है।

बैठक में महानदी के जल के बेहतर उपयोग और प्रबंधन के साथ-साथ छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा के हितों को ध्यान में रखते हुए आगे की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों राज्यों के बीच संवाद, सहयोग और वैज्ञानिक आधार पर समाधान तलाशने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

सम्बन्धित खबरें