219 आंगनबाड़ी केंद्रों में सजा ‘आंगन मिलन’ का उत्सव, बच्चों की प्रतिभा और पोषण पर रहा जोर

  • Admin
  • Sep 25, 2026
  • 2,413 views

गीत, कविता, गिनती और एबीसीडी से गूंजे केंद्र; स्वस्थ शिशुओं और हितग्राहियों का सम्मान, कई जगह हुआ नेवता भोज

महासमुंद, 25 सितंबर 2026।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महासमुंद जिले में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को कार्यक्रम की शुरुआत जिले के 219 आंगनबाड़ी केंद्रों से हुई। पहले दिन आंगनबाड़ी केंद्रों को आकर्षक ढंग से सजाकर उत्सवमय वातावरण बनाया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर बच्चों एवं आंगनबाड़ी हितग्राहियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान बच्चों की गतिविधियों के साथ पोषण और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया।

आंगनबाड़ी केंद्रों को रंगोली, आकर्षक सजावट और स्थानीय परिवेश से जुड़ी सामग्री से सजाया गया था। केंद्रों में स्वस्थ एवं पौष्टिक थाली के साथ स्थानीय व्यंजनों का भी प्रदर्शन किया गया। गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों को श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। कई केंद्रों में नेवता भोज का आयोजन भी हुआ, जिसमें बच्चों और हितग्राहियों ने सामूहिक रूप से भोजन किया।

लभरा खुर्द और शेर में बच्चों के बीच पहुंचे कलेक्टर

आंगन मिलन कार्यक्रम के तहत कलेक्टर विनय कुमार लंगेह आंगनबाड़ी केंद्र लभरा खुर्द पहुंचे। उन्होंने बच्चों से सहज संवाद करते हुए उनकी गतिविधियों को देखा और उनसे गीत एवं एबीसीडी सुनी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दशोदा साहू ने केंद्र की जानकारी देते हुए बताया कि यहां 26 बच्चे दर्ज हैं, जिनमें 2 बच्चे कुपोषित हैं तथा 8 गर्भवती महिलाएं केंद्र की सेवाओं से जुड़ी हैं।

कलेक्टर ने बच्चों के पोषण और भोजन व्यवस्था की जानकारी ली तथा भोजन निर्धारित समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में उपलब्ध पोषण सामग्री और बच्चों के लिए तैयार की गई पौष्टिक थाली का भी अवलोकन किया।

इसके बाद कलेक्टर ने शेर दर्रीपारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां कुल 32 बच्चे दर्ज हैं, जिनमें एक बच्चा कुपोषित पाया गया। कलेक्टर ने संबंधित बच्चे की स्वास्थ्य एवं पोषण स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए उसे पोषण पुनर्वास केंद्र भेजने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जनपद सदस्य नीता साहू, सरपंच अनीता साहू और उपसरपंच भारती साहू सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। केंद्र में 24 बच्चे उपस्थित थे। बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपनी गतिविधियां प्रस्तुत कीं। कुशांत ध्रुव ने कलेक्टर के सामने गिनती सुनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में स्वस्थ शिशु भाव्या धीवर और उनकी माता पूर्णिमा धीवर को सम्मानित किया गया। वहीं महतारी वंदन योजना की हितग्राही धनिता साहू एवं गोदावरी साहू को श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

गीत, कविता और खेलों से बच्चों ने बढ़ाया उत्साह

आंगन मिलन के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए गीत, कविता, गिनती, एबीसीडी, खेल और अन्य गतिविधियां आयोजित की गईं। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बच्चों से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया। छोटे-छोटे बच्चों की प्रस्तुतियों से आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्साह और उमंग का वातावरण बना रहा।

हितग्राहियों ने बताया—आंगनबाड़ी से बच्चों और माताओं को मिल रहा सहारा

कार्यक्रम में सम्मानित पूर्णिमा धीवर ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को पोषण आहार, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं मिल रही हैं। गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को भी समय-समय पर पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि आंगन मिलन जैसे आयोजनों से आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ाव और अपनत्व का अनुभव होता है।

धनिता साहू ने कहा कि आंगनबाड़ी बच्चों के लिए सीखने और पोषण पाने का महत्वपूर्ण स्थान है। बच्चों के साथ गीत, खेल और गतिविधियों में सभी को शामिल होते देखकर खुशी हुई। हितग्राहियों का सम्मान और सामूहिक भोजन से उत्साह बढ़ा है।

‘आंगन मिलन सेवा’ के पहले दिन जिलेभर के 219 केंद्रों में हुए आयोजनों ने आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों, माताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय के बीच संवाद एवं सहभागिता का केंद्र बना दिया। कार्यक्रम के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और सामुदायिक जुड़ाव को एक साथ बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

सम्बन्धित खबरें