चक्रधर समारोह में बस्तर की कला का रंग, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कलाकारों के लिए 51 हजार रुपये की अतिरिक्त सम्मान राशि की घोषणा

  • Admin
  • Sep 17, 2026
  • 14,619 views

दर्शक दीर्घा में बैठकर वित्त मंत्री ने देखीं कलाकारों की प्रस्तुतियां, बोले—नई पीढ़ी को कला और संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच है समारोह

 

रायगढ़  17 सितंबर 2026। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह का चौथा दिन कला और संस्कृति के विविध रंगों से सराबोर रहा। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी समारोह में शामिल हुए और दर्शक दीर्घा में बैठकर कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया। उन्होंने कलाकारों का सम्मान भी किया। इस अवसर पर बस्तर के कलाकारों की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। चौधरी ने बस्तर से आए कलाकारों के लिए अपनी ओर से 51 हजार रुपये की अतिरिक्त सम्मान राशि देने की घोषणा की।

नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का मंच

ओपी चौधरी ने कहा कि चक्रधर समारोह ने रायगढ़ की सीमाओं से आगे बढ़कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। यह केवल सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय कला, परंपरा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजन कलाकारों को मंच देने के साथ समाज में सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने रायगढ़ में कला के प्रति लोगों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि शहर के विभिन्न मोहल्लों में छोटे-छोटे स्थानों पर बड़ी संख्या में बच्चे कथक सहित अन्य शास्त्रीय कलाओं का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने कला साधकों और गुरुओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी साधना से रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान लगातार मजबूत हो रही है।

बस्तर की कला को मिला विशेष सम्मान

समारोह में बस्तर एकेडमी ऑफ डांस, आर्ट्स एंड लिटरेचर के ‘बादल’ दल सहित बस्तर के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। वित्त मंत्री ने बस्तर की कला और संस्कृति को रायगढ़ के प्रतिष्ठित मंच पर स्थान मिलने को गौरव का विषय बताया।

उन्होंने बस्तर से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए वहां की समृद्ध कला-संस्कृति और कलाकारों के योगदान की सराहना की। इसी क्रम में उन्होंने बस्तर के कलाकारों के लिए 51 हजार रुपये की अतिरिक्त सम्मान राशि देने की घोषणा की।

ओडिसी और शास्त्रीय प्रस्तुतियों ने बांधा समां

चक्रधर समारोह के चौथे दिन जाह्नवी बेहरा ने ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति दी। बेंगलुरु की शिवरंजनी हरीश और बस्तर एकेडमी ऑफ डांस, आर्ट्स एंड लिटरेचर के ‘बादल’ दल सहित अनेक कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भारतीय शास्त्रीय और लोक सांस्कृतिक परंपराओं की विविधता से रूबरू कराया।

सामूहिक प्रयासों से सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने का संकल्प

ओपी चौधरी ने समारोह को सफल बनाने में योगदान देने वाले कलाकारों, गुरुओं, आयोजकों, प्रशासनिक अधिकारियों, सहयोगियों और कलाप्रेमियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए सकारात्मक सोच और सामूहिक सहभागिता के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।

समारोह में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, गुरुपाल भल्ला सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में कलाप्रेमी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें