बालोद के स्कूलों में बाल विवाह और शोषण के खिलाफ जागरूकता

  • Admin
  • Nov 05, 2026
  • 7,872 views

मिशन वात्सल्य और मिशन शक्ति के तहत तीन सरकारी स्कूलों में जागरूकता शिविर

 विद्यार्थियों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 की दी जानकारी

बालोद | 5 नवंबर 2026, बच्चों को उनके अधिकारों की जानकारी देने और बाल विवाह, बाल श्रम तथा शोषण जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक बनाने के लिए बालोद जिले के तीन सरकारी स्कूलों में विशेष अभियान चलाया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से मिशन वात्सल्य और मिशन शक्ति के तहत आयोजित इन शिविरों में विद्यार्थियों को बाल संरक्षण, महिला सुरक्षा और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी संकट या असुरक्षित स्थिति में मदद पाने के लिए हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के प्रति प्रेरित किया गया।
तीन स्कूलों में आयोजित हुए जागरूकता शिविर
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश और जिला कार्यक्रम अधिकारी के आदेश एवं मार्गदर्शन में जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजानंद साहू के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। डौण्डीलोहारा विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टटेंगा, शासकीय हाई स्कूल चैरैल और शासकीय हाई स्कूल डुंडेरा में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनका उद्देश्य बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने के साथ उन्हें सुरक्षित वातावरण और जिम्मेदार नागरिकता के महत्व से परिचित कराना था।
1098 और 181 पर मिलेगी संकट में मदद
शिविरों में विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बाल विवाह की रोकथाम, बाल श्रम उन्मूलन और बच्चों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार से बचाव के कानूनी एवं सामाजिक पहलुओं की जानकारी दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के साथ महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता तथा सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
मिशन वात्सल्य के तहत संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला हेल्पलाइन नंबर 181 की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता बताई गई। विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी भी विषम, असुरक्षित या शोषणकारी परिस्थिति में डरने के बजाय इन नंबरों पर संपर्क कर सहायता लेनी चाहिए। जागरूकता बैनर और पोस्टरों के माध्यम से सुरक्षित वातावरण बनाने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास का संदेश भी दिया गया।
शिक्षकों और विभागीय अमले ने निभाई भागीदारी
डुंडेरा और चैरैल स्कूलों में आयोजित शिविरों में संरक्षण अधिकारी संस्थागत देवेंद्र देशमुख, काउंसलर अशलेखा देवांगन, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल सिन्हा, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के परियोजना समन्वयक वेदप्रकाश साहू, केस वर्कर कैलाश निषाद और अखिलेश डहरे तथा सपोर्ट पर्सन लोवेश धिवर उपस्थित रहे।
डुंडेरा स्कूल के प्राचार्य एस.के. साहू और चैरैल के प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद देशमुख सहित विद्यालय का स्टाफ और विद्यार्थी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टटेंगा में सामाजिक कार्यकर्ता अनिल सिन्हा, चाइल्ड हेल्पलाइन के केस वर्कर प्रीतम कुमार, प्राचार्य चन्द्रमणी वासनिक, पॉक्सो प्रभारी हेपशीबा एंथोनी, अजय पाठक, चन्द्रादेब नाथ, हर्षा देवांगन और नीलिमा रजक सहित स्कूल स्टाफ एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। तीनों विद्यालयों में संस्था प्रमुखों के प्रेरक संबोधन के साथ जागरूकता शिविरों का समापन हुआ।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।