आंगन मिलन सेवा से उत्सव स्थल बने आंगनबाड़ी केंद्र, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुंगेली के मदकू में हुए शामिल

  • Admin
  • Sep 26, 2026
  • 3,501 views

सुपोषित थाली के जरिए माताओं और बच्चों के पोषण पर संवाद, गर्भवती माताओं का हुआ स्वागत

मुंगेली, 26 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुरू हुई ‘आंगन मिलन सेवा’ ने पहले ही दिन प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों को जनभागीदारी और उत्सव के केंद्रों में बदल दिया। शुक्रवार को राज्यभर में 2,262 स्थानों पर 12,698 गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें 97,471 लोगों ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुंगेली जिले के मदकू में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए और माताओं एवं बच्चों के बेहतर पोषण का संदेश दिया।

आंगन मिलन सेवा से उत्सव स्थल बने आंगनबाड़ी केंद्र, पहले दिन 97 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता

आंगन मिलन सेवा के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती माताओं का स्वागत किया गया। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों, दालों और हरी सब्जियों का प्रदर्शन कर परिवारों को संतुलित एवं विविधतापूर्ण आहार की जानकारी दी गई। ‘सुपोषित थाली’ के माध्यम से महिलाओं को बताया गया कि रोजमर्रा के भोजन में अलग-अलग पोषक खाद्य पदार्थ शामिल करके माताओं और बच्चों के पोषण स्तर को बेहतर बनाया जा सकता है।

आंगन मिलन सेवा से उत्सव स्थल बने आंगनबाड़ी केंद्र, पहले दिन 97 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता

कार्यक्रमों में बच्चों के अभिभावकों ने भी सक्रिय भागीदारी की। मातृ स्वास्थ्य और बाल पोषण से जुड़े अनुभव साझा किए गए तथा बच्चों के स्वस्थ विकास में परिवार और समुदाय की भूमिका पर संवाद हुआ। आंगन मिलन सेवा के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल पोषण सेवाओं तक सीमित न रखते हुए परिवारों और समुदाय को उनसे जोड़ने पर जोर दिया गया।

महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की लाभार्थी महिलाओं ने बताया कि इन योजनाओं से मिली आर्थिक सहायता से वे अपनी और अपने परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम हो रही हैं। कार्यक्रमों में योजनाओं के लाभार्थियों और समुदाय की भागीदारी ने महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी पहलों को जनसहयोग से जोड़ने का संदेश दिया।

आंगन मिलन सेवा का मूल उद्देश्य बच्चों के पोषण को केवल आंगनबाड़ी केंद्र या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी न मानकर परिवार और पूरे समुदाय की साझा जिम्मेदारी के रूप में स्थापित करना है। पहले दिन प्रदेशभर में हुई व्यापक सहभागिता ने इस पहल के प्रति लोगों की सक्रिय भागीदारी को रेखांकित किया।

सम्बन्धित खबरें