इंदौर में 2 से 4 नवंबर तक होगी संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक

  • Admin
  • Oct 22, 2026
  • 6,532 views

संघ शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की होगी समीक्षा, नशीली दवाओं की समस्या, डिजिटल माध्यमों की सामग्री और वैश्विक परिदृश्य समेत समसामयिक विषयों पर होगी चर्चा

इंदौर, 22 अक्टूबर 2026। 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की वार्षिक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक मध्य प्रदेश के मालवा प्रांत स्थित इंदौर में 2 से 4 नवंबर 2026 तक आयोजित होगी। बैठक युगाब्द 5128, विक्रमी संवत 2083 के कार्तिक कृष्ण अष्टमी, नवमी और दशमी के अवसर पर संपन्न होगी।

बैठक में संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी छह सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्य विभागों के प्रमुख और कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहेंगे।

संघ की संगठनात्मक संरचना के सभी 46 प्रांतों के प्रांत संघचालक, प्रांत कार्यवाह, प्रांत प्रचारक तथा उनके सह पदाधिकारी भी बैठक में शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, संघ के सभी 11 क्षेत्रों के संघचालक, क्षेत्र कार्यवाह, क्षेत्र प्रचारक और उनके सह पदाधिकारियों की उपस्थिति भी अपेक्षित है।

शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की होगी समीक्षा

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत देशभर में पिछले एक वर्ष से आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला हाल ही में विजयादशमी उत्सव के साथ पूर्ण हुई है। बैठक में इन सभी कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही, विजयादशमी के अवसर पर सरसंघचालक मोहन भागवत द्वारा अपने उद्बोधन में उठाए गए महत्वपूर्ण विषयों पर आगे की कार्ययोजना और उनके क्रियान्वयन को लेकर चर्चा होगी।

समसामयिक और वैश्विक विषयों पर होगा मंथन

बैठक में वर्तमान समय की महत्वपूर्ण चुनौतियों और सामाजिक विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। इनमें डिजिटल और अन्य नए माध्यमों पर उपलब्ध सामग्री, नशीली दवाओं की समस्या, बाहरी शक्तियों का हस्तक्षेप तथा वैश्विक परिदृश्य जैसे विषय प्रमुख रूप से शामिल हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने 22 अक्टूबर को जारी सूचना में बैठक की तिथि, स्थान और प्रस्तावित चर्चा के विषयों की जानकारी दी।

सम्बन्धित खबरें