इंदौर में होगी RSS की अखिल भारतीय कार्यकारी मण्डल बैठक, शताब्दी वर्ष के कार्यों की होगी समीक्षा

  • Admin
  • Oct 22, 2026
  • 18,997 views

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक में देशभर के 46 प्रांतों और 11 क्षेत्रों के पदाधिकारी होंगे शामिल

नशीली दवाओं की समस्या, बाहरी शक्तियों के हस्तक्षेप और वैश्विक परिदृश्य पर भी मंथन


नई दिल्ली 22 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की वार्षिक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक 2 से 4 नवंबर तक मध्य प्रदेश के इंदौर में होगी। बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ विजयादशमी पर सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के उद्बोधन में उठाए गए महत्वपूर्ण विषयों के अनुवर्तन पर चर्चा होगी। समसामयिक चुनौतियों के बीच नए माध्यमों पर प्रसारित सामग्री, नशीली दवाओं की समस्या, बाहरी शक्तियों के हस्तक्षेप और वैश्विक परिदृश्य जैसे विषय भी विचार-विमर्श के केंद्र में रहेंगे।

संघ के शीर्ष पदाधिकारी और देशभर के प्रतिनिधि होंगे शामिल

मालवा प्रांत के इंदौर में होने वाली इस बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी छह सह सरकार्यवाह और अखिल भारतीय कार्य विभागों के प्रमुखों सहित संघ की कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहेंगे।
बैठक में संघ की रचना के सभी 46 प्रांतों के प्रांत संघचालक, प्रांत कार्यवाह और प्रांत प्रचारक तथा उनके सह पदाधिकारी अपेक्षित हैं। इसके साथ ही सभी 11 क्षेत्रों के संघचालक, क्षेत्र कार्यवाह और क्षेत्र प्रचारक तथा सह क्षेत्र पदाधिकारी भी भाग लेंगे।

शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों और समसामयिक चुनौतियों पर मंथन

संघ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, हाल ही में संपन्न विजयादशमी उत्सव के साथ देशभर में पिछले एक वर्ष से चल रही संघ शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की श्रृंखला पूरी हुई है। बैठक में इन कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी और विजयादशमी पर सरसंघचालक के उद्बोधन में प्रस्तुत महत्वपूर्ण मुद्दों पर आगे की कार्ययोजना के संदर्भ में चर्चा होगी।
बैठक में वर्तमान समय के महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श प्रस्तावित है। इसमें डिजिटल और अन्य नए माध्यमों पर उपलब्ध सामग्री, नशीली दवाओं की बढ़ती समस्या, बाहरी शक्तियों का हस्तक्षेप तथा बदलते वैश्विक परिदृश्य जैसे मुद्दे शामिल हैं।
संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने 22 अक्टूबर को बैठक की जानकारी जारी की। बैठक 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को होगी। ये तिथियां युगाब्द 5128, विक्रमी संवत 2083 तथा कार्तिक कृष्ण अष्टमी, नवमी और दशमी हैं।

सम्बन्धित खबरें