घर पहुंचकर दिव्यांग युवक का आधार पंजीयन कराया, 4 घंटे के प्रयास से मिली बड़ी राहत

  • Admin
  • Nov 01, 2026
  • 9,659 views

हाथों की दिव्यांगता के कारण सामान्य प्रक्रिया से नहीं हो पा रहा था पंजीयन, जिला प्रशासन की पहल से घर पर पूरी हुई प्रक्रिया

आधार पंजीयन के बाद अब पात्रता के अनुसार शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में होगी आसानी, परिवार ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

गरियाबंद, 01 नवंबर 2026।

जिले के देवभोग विकासखंड के अमलीपदर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़ागांव निवासी दिव्यांग युवक मदन नागेश को जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल से बड़ी राहत मिली है। हाथों की शारीरिक दिव्यांगता के कारण उनका सामान्य तरीके से आधार पंजीयन नहीं हो पा रहा था। इस समस्या को देखते हुए प्रशासन ने घर पहुंचकर आधार पंजीयन कराने की व्यवस्था की। लगभग 3 से 4 घंटे के लगातार प्रयास के बाद उनका आधार एनरोलमेंट सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया।

आधार ऑपरेटर ने धैर्यपूर्वक पूरा किया पंजीयन

ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर मिथलेश देवांगन ने बताया कि मदन नागेश की शारीरिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए आधार ऑपरेटर को उनके घर जाकर पंजीयन करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद आधार ऑपरेटर वेदप्रकाश सिन्हा ग्राम मुड़ागांव पहुंचे और पंजीयन की प्रक्रिया शुरू की।

हाथों की स्थिति के कारण सामान्य तरीके से उंगलियों के निशान लेना संभव नहीं हो पा रहा था। ऐसे में आधार पंजीयन की प्रक्रिया में काफी समय लगा। ऑपरेटर ने धैर्य और लगातार प्रयास करते हुए लगभग 3 से 4 घंटे में प्रक्रिया पूरी की और मदन का आधार एनरोलमेंट सफलतापूर्वक कराया।

योजनाओं का लाभ लेने में होगी आसानी

आधार कार्ड नहीं होने के कारण मदन नागेश को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही थी। अब पंजीयन पूरा होने से उन्हें पात्रता के अनुसार विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया में आसानी होगी।

मदन नागेश और उनके परिजनों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और आधार ऑपरेटर वेदप्रकाश सिन्हा के धैर्यपूर्ण प्रयासों की सराहना की।

जिला प्रशासन जरूरतमंद और दिव्यांग हितग्राहियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है, ताकि शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में किसी को अनावश्यक परेशानी न हो।

सम्बन्धित खबरें