शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा का अनावरण, आदिवासी महासम्मेलन में विकास कार्यों की घोषणाएं

बेमेतरा 31 अगस्त 2026। छत्तीसग के उप मुख्यमंत्री एवं बेमेतरा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने सोमवार को बेमेतरा में शहीद वीर नारायण सिंह की भव्य प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वे कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित जिला स्तरीय आदिवासी महासम्मेलन में शामिल हुए।

महासम्मेलन को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ की माटी के महान सपूत थे, जिन्होंने गरीबों और जरूरतमंदों की सहायता तथा उनके अधिकारों के लिए अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष किया। उनका जीवन सेवा, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम की प्रेरक मिसाल है। उन्होंने अंग्रेजों के अत्याचार के सामने कभी झुकना स्वीकार नहीं किया और मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती वीर योद्धाओं और जननायकों की गौरवशाली भूमि रही है। वीर नारायण सिंह और गुंडाधुर जैसे महान योद्धाओं का त्याग आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा। बेमेतरा में स्थापित प्रतिमा उनके बलिदान की स्मृति को चिरस्थायी बनाएगी और युवाओं को राष्ट्र एवं समाजसेवा के लिए प्रेरित करेगी।

गोंडवाना भवन के लिए 10 लाख, विकास कार्यों के लिए 6 करोड़

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने गोंडवाना भवन के जीर्णोद्धार के लिए 10 लाख रुपये तथा बेमेतरा में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 6 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि समाज और मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले महापुरुषों का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे महापुरुषों के जीवन और संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।

कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू, केंद्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ के अध्यक्ष कमलेश सोरी, सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष मुरीत मंडावी, गोंड समाज के जिला अध्यक्ष दरबार सिंह नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, अजय साहू सहित जनप्रतिनिधि, गोंड समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें