त्योहारों में आगजनी रोकने के लिए प्रशासन अलर्ट, पंडालों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तैनात होंगे दमकल वाहन

  • Admin
  • Oct 27, 2026
  • 9,098 views

भोपाल, 27 अक्टूबर 2026।

 

 आगामी त्योहारों और पर्वोत्सवों के दौरान आगजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेशभर में व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे ने सभी जिला कलेक्टरों को धार्मिक, सामाजिक और सार्वजनिक आयोजनों, मेलों तथा बाजारों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

निर्देशों के अनुसार, त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन को नगरीय निकायों, पुलिस विभाग, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम करना होगा। प्रमुख धार्मिक स्थलों, पूजा पंडालों, मेला परिसरों और भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार दमकल वाहन और प्रशिक्षित अग्निशमन कर्मी तैनात किए जाएंगे।

पंडालों में ज्वलनशील सामग्री और बिजली व्यवस्था की होगी जांच

आयोजन स्थलों पर बनाए जाने वाले अस्थायी पंडालों, मंचों और अन्य संरचनाओं में ज्वलनशील सामग्रियों के इस्तेमाल पर सख्ती से नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत व्यवस्था की गहन जांच कर खुले तारों और ओवरलोडिंग जैसी समस्याओं को तत्काल ठीक करना होगा, ताकि शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों से आग लगने की घटनाओं को रोका जा सके।

आपातकालीन रास्ते और निकास द्वार रहेंगे खुले

आयुक्त संकेत भोंडवे ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के उल्लास के बीच आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है। सभी आयोजन स्थलों पर आपातकालीन वाहनों के आवागमन के लिए रास्ते और निकास द्वार हमेशा अवरोधमुक्त रखने होंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य बिना रुकावट किए जा सकें।

आतिशबाजी की बिक्री वाले स्थानों, अस्थायी दुकानों और भीड़भाड़ वाले बाजारों का प्रशासनिक दल समय-समय पर निरीक्षण करेंगे। आयोजकों को अग्निशामक यंत्रों के साथ रेत और पानी की पर्याप्त व्यवस्था रखनी होगी। इसके अलावा, आयोजन से जुड़े लोगों को आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

लापरवाही मिलने पर होगी तत्काल कार्रवाई

नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने सभी संभागीय संयुक्त संचालकों, नगर निगम आयुक्तों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा है। सुरक्षा मानकों में कमी या नियमों के पालन में लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

विभाग का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आगजनी और अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका को न्यूनतम करना तथा नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।

सम्बन्धित खबरें