वर्ल्ड हिन्दू कांग्रेस 2026 – मुंबई में जुटेंगे विश्वभर के 60 से अधिक देशों के हिन्दू प्रतिनिधि

  • Admin
  • Oct 08, 2026
  • 9,019 views

 हिन्दू कांग्रेस  के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 

मुंबई, 8 अक्तूबर: विश्व के सबसे बड़े हिन्दू नेतृत्व समागम वर्ल्ड हिन्दू कांग्रेस (WHC) 2026 का आयोजन इस वर्ष मुंबई में किया जा रहा है। तीन दिवसीय यह आयोजन 18, 19 और 20 दिसंबर 2026 को बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होगा।

सम्मेलन में 60 से अधिक देशों से 4,000 से अधिक प्रतिनिधियों के भाग लेने की अपेक्षा है। इसमें हिन्दू नेता, विचारक, उद्यमी, शिक्षाविद्, मीडिया प्रतिनिधि, पेशेवर तथा विभिन्न क्षेत्रों और संस्थाओं से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्व एक मंच पर एकत्रित होंगे।

सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत वर्ल्ड हिन्दू कांग्रेस 2026 के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। तीन दिवसीय वैश्विक समागम में 45 से अधिक सत्र और 150 से अधिक वक्ता होंगे, जिनमें अर्थव्यवस्था, शिक्षा, मीडिया, राजनीति, महिला, युवा और हिन्दू संगठन सहित विविध क्षेत्रों के प्रतिनिधि और विशेषज्ञ भाग लेंगे।

वर्ल्ड हिन्दू कांग्रेस के बारे में बताते हुए, वर्ल्ड हिन्दू कांग्रेस के प्रवर्तक स्वामी विज्ञानानंद जी ने कहा, “आज हिन्दू समाज दुनिया भर में पहले से कहीं अधिक दृश्यमान और सम्मानित है, लेकिन यह विश्राम का समय नहीं है। वर्ल्ड हिन्दू कांग्रेस अर्थव्यवस्था, शिक्षा, अकादमिक जगत, मीडिया और राजनीति जैसे प्रभाव के प्रमुख क्षेत्रों में हिन्दुओं को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का एक रणनीतिक और संरचित आंदोलन है। यह संगठनों, कार्यकर्ताओं और व्यक्तियों को साझा प्रतिबद्धता और सामूहिक संकल्प के साथ जुड़ने, सहयोग करने और योगदान देने का मंच प्रदान करता है”। उन्होंने कहा कि डब्ल्यूएचसी 2026 में चार विशेष प्लेनरी सत्र होंगे – भाषा, समाज, विश्वकर्मा और धर्म।

धर्म प्लेनरी में भारत और विश्व के विभिन्न हिस्सों से विविध धार्मिक परंपराओं (जैसे हिन्दू, बौद्ध, ताओ, शिंटो आदि धर्म-दर्शन), संप्रदायों, आध्यात्मिक संस्थानों और दार्शनिक परंपराओं का प्रतिनिधित्व करने वाले आध्यात्मिक नेता एकत्रित होंगे। यह प्लेनरी धर्म की विविध परंपराओं, उनके समकालीन महत्व तथा विभिन्न दृष्टिकोणों के बीच संवाद और विचार-विमर्श के लिए एक मंच प्रदान करेगी।

समाज प्लेनरी हिन्दू समाज के सामाजिक आयाम पर केंद्रित होगी और विभिन्न समुदायों, परंपराओं तथा सामाजिक संस्थाओं के विशेषज्ञों एवं प्रतिनिधियों को एक साथ लाकर सामाजिक समरसता, सामुदायिक विकास और हिन्दू समाज के समक्ष चुनौतियों पर विचार-विमर्श करेगी।

भाषा प्लेनरी हिन्दू समाज की समृद्ध भाषाई विविधता को रेखांकित करेगी। इसमें भारत और विश्वभर में हिन्दू समुदाय द्वारा बोली जाने वाली विभिन्न भाषाओं की सभ्यतागत ज्ञान, साहित्य, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका को सामने रखा जाएगा।

विश्वकर्मा प्लेनरी कौशल, कुशल कार्यबल, उद्यमिता, नवाचार तथा आर्थिक और सामाजिक विकास में कारीगरों, शिल्पकारों और पेशेवरों के योगदान पर केंद्रित होगी। इसमें कुशल कार्य की गरिमा को सुदृढ़ करने और नई पीढ़ी के लिए अधिक अवसर सृजित करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

वर्ल्ड हिन्दू कांग्रेस 2026 की थीम है “समानं व्रतं सह चित्तम् – साझा प्रतिबद्धता, सामूहिक संकल्प”। हिन्दू 1.2 अरब से अधिक लोगों का एक वैश्विक समुदाय है, जो लगभग 180 देशों में रहते हैं। वर्ल्ड हिन्दू कांग्रेस एकमात्र वैश्विक मंच है जो हिन्दू विचारकों, कार्यकर्ताओं और संगठनों को एक छत के नीचे लाता है। इसका आयोजन हर चार वर्ष में एक बार होता है; इससे पूर्व वर्ल्ड हिन्दू कांग्रेस नई दिल्ली (2014), शिकागो (2018) और बैंकॉक (2023) में आयोजित हुए।

स्वामी जी ने घोषणा की कि वर्ल्ड हिन्दू कांग्रेस 2026 के अंतर्गत पहली बार वर्ल्ड हिन्दू एक्सपो का भी आयोजन किया जा रहा है। वर्ल्ड हिन्दू एक्सपो का उद्देश्य व्यापार और वाणिज्य को गति देना तथा हिन्दू समाज के लिए समृद्धि और आर्थिक विकास के एक नए युग को बढ़ावा देना होगा। सरकार, उद्योग, प्रौद्योगिकी, मीडिया और सांस्कृतिक क्षेत्रों के प्रतिष्ठित नेतृत्वकर्ताओं ने वर्ल्ड हिन्दू कांग्रेस 2026 में अपनी सहभागिता की पुष्टि की है।

वर्ल्ड हिन्दू कांग्रेस 2026 हिन्दू संस्थाओं को जुड़ने, विचार-विमर्श करने, सहयोग करने और विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक वैश्विक मंच प्रदान करेगा। साथ ही, यह हिन्दू समाज के भविष्य और विश्व के प्रति उसके योगदान को लेकर संभावनाओं पर विचार करते हुए आगे की दिशा तय करने का अवसर प्रदान करेगा।

अजय पीरामल वर्ल्ड हिन्दू कांग्रेस 2026 मुंबई आयोजन समिति के चेयरमैन हैं, तथा विशद मफतलाल और महेश भागचन्दका वाइस चेयरमैन हैं।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।