जब हर आंगन में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’, सेवा संकल्प बनेगा जनसंकल्प

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने चार जिलों में तैयारियों का लिया जायजा, नगरीय निकायों और विकासखंड मुख्यालयों तक दीप प्रज्वलन की तैयारी के निर्देश

 

रायपुर, 9 सितंबर 2026। सेवा, सहभागिता और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू होने जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने की तैयारी है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बस्तर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद और दुर्ग जिलों के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिवस की संध्या पर आयोजित होने वाला ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सद्भाव और सामूहिक संकल्प की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कार्यक्रम को अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से सार्थक बनाने के निर्देश दिए।

जिला मुख्यालय से गांव-कस्बों तक जलेगा सामूहिक दीप

बैठक में उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को जिला और संभाग मुख्यालयों तक सीमित न रखा जाए। प्रदेश के संबंधित जिलों के नगरीय निकायों और विकासखंड मुख्यालयों में भी निर्धारित स्थानों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन की पहल की जाए।

उन्होंने कहा कि आयोजन में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और प्रशासन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि यह कार्यक्रम वास्तव में जनभागीदारी का उत्सव बन सके।

जहां ज्यादा लोग पहुंच सकें, वहीं हो आयोजन

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कलेक्टरों और संबंधित अधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर कार्यक्रम के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल ऐसा हो, जहां अधिक से अधिक नागरिक सुविधाजनक ढंग से शामिल हो सकें।

उन्होंने तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और आयोजन की पूरी रूपरेखा जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय से तैयार करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण हों, इसके लिए भी अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया।

सेवा अभियान को सामाजिक सहभागिता से मिलेगी ताकत

शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान किसी एक आयोजन तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य समाज और प्रशासन के बीच सहभागिता तथा सेवा की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारियों को स्थानीय सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों को अभियान से जोड़ने तथा व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य और संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन को प्रभावी कार्ययोजना और बेहतर समन्वय के साथ काम करना होगा।

जिलावार तैयारियों की ली जानकारी

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उप मुख्यमंत्री ने बस्तर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद और दुर्ग में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर अब तक की तैयारियों की जिलावार जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन को सफल, गरिमापूर्ण और जनभागीदारीपूर्ण बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में संबंधित जिलों के विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर, नोडल अधिकारी और विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।